नेपाल में भ्रष्टाचार के खिालफ बालेन शाह की नई सरकार ने सख्त कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। शनिवार को पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली और पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक की गिरफ्तारी के बाद आज रविवार की सुबह नेपाल के केंद्रीय अनुसंधान ब्यूरो ने नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व ऊर्जा, जल स्रोत तथा सिंचाई मंत्री दीपक खड़का को गिरफ्तार कर लिया है
मिली जानकारी के अनुसार ये कार्रवाई काठमांडू के एक पुरानी जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में की गई है। वहीं, दीपक खड़का के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की भी जांच जारी है। पूर्व मंत्री पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी या सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किया था. इसके अलावा जेन-जी (Gen-Z) विरोध प्रदर्शनों के दौरान उनके घर से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई थी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके घर से जले हुए पैसे के अवशेष भी मिले थे, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई गई है। ये गिरफ्तारी बालेन शाह सरकार द्वारा शुरू किए गए बड़े पैमाने के भ्रष्टाचार विरोधी ड्राइव का हिस्सा मानी जा रही है। भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच दीपक खड़का के बिजनेस साम्राज्य की भी चर्चा हो रही है।
वहीं, राजधानी काठमांडू के बूढानीलकण्ठ में उनका एक फाइव स्टार रिसोर्ट है। इस आलीशान रिसोर्ट का प्रबंधन मशहूर ‘हॉलिडे इन ग्रुप’ द्वारा किया जाता है। पुलिस अब उनके इन व्यवसायों में लगे धन के स्रोतों की भी जांच कर रही है। फिलहाल, दीपक खड़का पुलिस की हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ जारी है।
