हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस पार्टी और खासतौर पर राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह भारत के लोगों ने अंग्रेजों के अत्याचार को खत्म करके इस देश में लोकतंत्र को स्थापित किया था, उसी तरह आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) उस लोकतंत्र की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेगी – चाहे इसके लिए जान की बाज़ी ही क्यों न लगानी पड़े।मीडिया से बातचीत में विज ने राहुल गांधी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे। विज ने कहा कि राहुल गांधी को “झूठ बोलने की आदत” है और कांग्रेस पार्टी ने अब संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ एक सुनियोजित जंग छेड़ रखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल कभी ईडी (प्रवर्तन निदेशालय), कभी सीबीआई, कभी न्यायपालिका, और अब चुनाव आयोग पर उंगलियां उठाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इन संस्थाओं के लिए “एटम बम” जैसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है।
कांग्रेस पार्टी की तानाशाही सोच: विज
अनिल विज ने कहा कि ये सभी संस्थाएं लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ हैं, और इन्हें कमजोर करने की हर कोशिश कांग्रेस पार्टी की तानाशाही सोच को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के डीएनए में तानाशाही भरी हुई है, और यह बात इतिहास में कई बार साबित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह तानाशाही प्रवृत्ति पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही है, और आज भी उसी दिशा में पार्टी आगे बढ़ रही है।विज ने 1975 में लगाए गए आपातकाल का ज़िक्र करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उस समय यह साफ कर दिया था कि कांग्रेस की विचारधारा में लोकतंत्र के लिए कोई स्थान नहीं है। उस समय लाखों लोगों को जेल में डाल दिया गया, प्रेस की स्वतंत्रता छीन ली गई, और आम नागरिकों के मौलिक अधिकार खत्म कर दिए गए। उन्होंने कहा कि आज भी कांग्रेस का रवैया वही है, बस तरीका बदल गया है।
भारत में आतंकवाद की असली जन्मदाता कांग्रेस पार्टी
विज ने कांग्रेस पर आतंकवाद फैलाने का भी बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत में आतंकवाद की असली जन्मदाता कांग्रेस पार्टी है। उन्होंने कहा कि देश के बंटवारे की जड़ में भी कांग्रेस थी। उन्होंने बताया कि जब देश का बंटवारा हुआ, तब महात्मा गांधी ने स्पष्ट कहा था कि “देश का बंटवारा मेरी लाश पर होगा”, लेकिन कांग्रेस ने उनकी चेतावनी को नजरअंदाज कर धार्मिक आधार पर विभाजन करवा दिया। इस विभाजन के कारण करीब 10 लाख लोगों की मौत हुई और करोड़ों लोगों को अपना घर-बार छोड़कर पलायन करना पड़ा।कश्मीर के मुद्दे पर भी अनिल विज ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अनुच्छेद 370 लागू करके कश्मीर को देश से अलगाव की दिशा में धकेला। कांग्रेस के 55 साल के शासन में कश्मीर में बढ़ते आतंकवाद को खत्म करने की कोई ठोस कोशिश नहीं की गई। लेकिन जब से बीजेपी की सरकार आई है, हमने अनुच्छेद 370 हटाकर इस समस्या की जड़ को खत्म किया। उन्होंने बताया कि अब कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों में भारी गिरावट आई है।
