दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में एक बड़ी चूक की खबर सामने आई है, जब एक अज्ञात कार गेट तोड़कर अंदर घुस गई। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार आखिर अंदर कैसे पहुंची।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजकर 5 मिनट पर यूपी नंबर की सफेद टाटा सिएरा कार मॉल रोड पर स्थित बंद गेट को तोड़ते हुए वीआईपी एंट्री से विधानसभा परिसर में दाखिल हो गई। कार में सवार व्यक्ति स्पीकर रूम के बाहर एक गुलदस्ता रखकर मौके से फरार हो गया।
इस घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।
