महाराष्ट्र के बारामती में बीते बुधवार 28 जनवरी को प्लेन क्रैश हादसे में डिप्टी सीएम अजित पवार का निधन हो गया। प्लेन को लैंडिंग कराने की कोशिश करते समय प्लेन के अंदर बैठे अजित पवार सहित पायलट कैप्टन सुमित कपूर, को-पायलट शांभवी पाठक, फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली और पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर विदीप जाधव की मौत हो गई।

महाराष्ट्र के बारामती के विद्या प्रतिष्ठान श्मशान घाट में अजित पवार का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, शरद पवार, सुप्रिया सुले, नितिन गडकरी, एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस मौजूद रहे।

अजित पवार के बेटे पार्थ पवार और जय पवार ने अपने पिता की अंतिम संस्कार की रस्में निभाते हुए चिता को मुखाग्नि दी। अजित पवार को श्रद्धांजलि देने के लिए कई बड़े नेताओं का बारामती आगमन हुआ है। आखिरी झलक पाने के लिए VVIPs का तांता लगा।
इस घटना ने महाराष्ट्र सहित पूरे देश में हलचल पैदा कर दी। वहीं, राज्य की राजनीति में एक खालीपन आ गया। अजित पवार के निधन पर महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक का एलान कर दिया है। AAIB हादसे की जांच कर रही है. इसके साथ ही पुलिस ने आकस्मिक मौत की रिपोर्ट (ADR) का मामला दर्ज किया है।
फास्ट-ट्रैक तरीके से होगी बारामती प्लेन क्रैश की जांच
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि बारामती विमान दुर्घटना के बाद, सभी ज़रूरी रिस्पॉन्स और जांच तंत्र तुरंत एक्टिवेट कर दिए गए थे। अधिकारियों ने पूरी, पारदर्शी और समय पर जांच की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। मंत्रालय ने आगे कहा कि जांच तेज़ी से आगे बढ़ रही है और दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है।
