भारतीय क्रिकेट के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। 30 जुलाई को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए अपने लंबे अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट करियर को अलविदा कहा।
रहाणे ने लिखा कि “कैप नंबर 278, अब यहीं विराम। इतने सालों तक मिले प्यार और समर्थन के लिए सभी का दिल से धन्यवाद। मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा।” उनके इस संदेश के बाद क्रिकेट जगत और फैंस ने उन्हें शानदार करियर के लिए शुभकामनाएं दीं।
हर फॉर्मेट में की भारत की कप्तानी
अजिंक्य रहाणे उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया की कप्तानी की। खास बात यह रही कि टेस्ट कप्तान के रूप में उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा। उन्होंने 6 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी की, जिसमें 4 जीत मिलीं और 2 मुकाबले ड्रॉ रहे। उनकी कप्तानी में भारत को टेस्ट क्रिकेट में कभी हार का सामना नहीं करना पड़ा।
ऑस्ट्रेलिया दौरा बना करियर का सबसे यादगार पल
रहाणे के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि साल 2020-21 का ऑस्ट्रेलिया दौरा माना जाता है। एडिलेड टेस्ट में हार और विराट कोहली की गैरमौजूदगी के बाद उन्होंने टीम की कमान संभाली। मेलबर्न टेस्ट में शानदार शतक लगाकर भारत की वापसी कराई और फिर युवा खिलाड़ियों के साथ गाबा में ऐतिहासिक जीत हासिल करते हुए भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसी की धरती पर 2-1 से टेस्ट सीरीज में हराया। यह जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे यादगार जीतों में गिनी जाती है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। तीनों फॉर्मेट को मिलाकर उन्होंने 8,414 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 15 शतक और 51 अर्धशतक निकले।
आईपीएल में भी छोड़ी खास पहचान
रहाणे ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट, दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया। पिछले सीजन में वह केकेआर के कप्तान भी रहे। उन्होंने 212 आईपीएल मैचों में 5,367 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं।
अजिंक्य रहाणे का अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड
टेस्ट
85 मैच
5,077 रन
औसत: 38.46
12 शतक, 26 अर्धशतक
वनडे
90 मैच
2,962 रन
औसत: 35.26
3 शतक, 24 अर्धशतक
टी20 इंटरनेशनल
20 मैच
375 रन
औसत: 20.83
1 अर्धशतक
