जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से आतंकी हलचल देखने को मिली है। बसंतगढ़ और इसके आस-पास के इलाके में सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात बसंतगढ़ के ऊपरी इलाके में स्थित चिंगला बलोठा गांव में तीन संदिग्ध आतंकियों ने एक बकरवाल परिवार के घर का दरवाजा खटखटाया और खाना मांगा। जिससे घर का मालिक घबराकर भाग गया और इस बारे में पुलिस को जानकारी दी।
आपको बता दें कि, घर का मालिक अचानक तीन अजनबी युवकों को देखकर घबरा गया और मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। उसने तुरंत पास के पुलिस चौकी और सेना को सूचना दी। वहीं, इलाके में आतंकियों के होने का इनपुट मिलने के बाद रात से ही सेना की राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), CRPF और पुलिस की संयुक्त टीमों ने चिंगला बलोठा समेत ऊपरी बसंतगढ़ के घने जंगलों, गुफाओं और चोटियों को घेर लिया है। ड्रोन और हेलीकॉप्टर से भी निगरानी की जा रही है. गुरुवार सुबह तक ये सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
