नागौर: राजस्थान के नागौर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। मेड़ता रोड-गोटन पंचायत समिति की टुंकलिया ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच शैलू कंवर राजपुरोहित की एयरगन के छर्रे लगने से मौत हो गई। 56 वर्षीय शैलू कंवर ने हाल ही में हुए पंचायत चुनाव में 155 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। पदभार संभालने से पहले ही उनकी मौत से परिवार समेत पूरे गांव में शोक की लहर है।
घटना मंगलवार, 24 नवंबर 2026 की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घर में एयरगन की सफाई के दौरान अचानक गोली चलने से शैलू कंवर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घटना के बाद परिजन शैलू कंवर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने निकले। गंभीर हालत के चलते उन्हें जोधपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। कुछ दिन पहले जिस गांव में चुनावी जीत की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
155 वोटों से जीतकर बनी थीं सरपंच
शैलू राजपुरोहित ने हाल ही में संपन्न हुए राजस्थान पंचायत चुनाव में अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुमन को 155 वोटों के अंतर से हराया था।
चुनाव में जीत के बाद ग्रामीणों को नई सरपंच से गांव के विकास को लेकर काफी उम्मीदें थीं। हालांकि, जिम्मेदारी संभालने से पहले ही उनका निधन हो गया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
घटना के समय शादी समारोह का माहौल था। सरपंच के निधन की सूचना मिलते ही विवाह की खुशियां मातम में बदल गईं। शैलू राजपुरोहित के परिवार में दो बेटे हैं। एक बेटा चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ा है, जबकि दूसरा मावे का कारोबार करता है।
सांसद हनुमान बेनीवाल ने जताई हत्या की आशंका
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने शैलू कंवर के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के आधार पर विवाद के दौरान गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
बेनीवाल ने राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (DGP) से बातचीत कर वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। हालांकि, हत्या की आशंका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
गोटन थाना प्रभारी सुमन चौधरी ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने मृतका के शव को गोटन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की शुरुआती जानकारी में एयरगन से हुए हादसे की बात सामने आई है। महिला सरपंच की मौत दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
