IMG 20261014 WA0020 1

उत्तराखंड में जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के स्वीकृत पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2000 की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इससे संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत महिला आरक्षियों के 1474 अतिरिक्त पदों की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए अन्य संवर्गों और शाखाओं में स्वीकृत पदों का पुनर्समायोजन किया जाएगा।
प्रस्ताव के अनुसार, पदों की संख्या बढ़ाने की यह व्यवस्था कुल स्वीकृत पदों में वृद्धि किए बिना लागू की जाएगी। साथ ही, इस पर अतिरिक्त वित्तीय भार भी नहीं पड़ेगा। कार्मिक विभाग ने कुछ शर्तों के साथ प्रस्ताव पर सहमति दी है।
1210 महिला आरक्षियों के समायोजन की तैयारी
वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव भी उपलब्ध कराना होगा। इसका उद्देश्य महिला आरक्षियों को समायोजित करने के साथ ही भविष्य में उनकी पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इस पहल से कार्यरत महिला पुलिस कर्मियों के समायोजन और सेवा संबंधी अवसरों को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।