गोवा से दिल्ली जा रही IndiGo की एक फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी की सूचना मिली। इसके बाद विमान को वापस गोवा के मोपा एयरपोर्ट लाकर सुरक्षित उतारा गया। राहत की बात यह है कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, IndiGo की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह करीब 9:16 बजे गोवा के मोपा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ ही मिनट बाद विमान के एक इंजन में तकनीकी समस्या की जानकारी सामने आई।
स्थिति को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने सुबह करीब 9:30 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। इसके बाद विमान को दिल्ली जाने के बजाय वापस गोवा की ओर मोड़ दिया गया। करीब 9:51 बजे फ्लाइट ने मोपा एयरपोर्ट के रनवे 28 पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद विमान को स्टैंड नंबर 6 पर पार्क कर दिया गया। विमान के सुरक्षित रूप से पार्क होने के बाद ATC ने सुबह करीब 10:03 बजे फुल इमरजेंसी खत्म कर दी।
सभी यात्री सुरक्षित
विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद यात्रियों को एयरपोर्ट के बोर्डिंग एरिया में ठहराया गया। दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए अब दोपहर करीब 3:30 बजे का नया प्रस्थान समय बताया गया है। हालांकि, फ्लाइट की रवानगी जरूरी तकनीकी जांच और क्लीयरेंस मिलने के बाद ही होगी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विमान के इंजन में किस तरह की खराबी आई थी और फ्लाइट में कुल कितने यात्री मौजूद थे। घटना को लेकर IndiGo की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। फिलहाल प्राथमिक जानकारी के अनुसार, विमान को एहतियात के तौर पर वापस गोवा लाया गया और उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
