जयपुर में बिजली गुल, NEET PG परीक्षा रद्द

NEET PG परीक्षा के दौरान जयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर बिजली गुल होने से उम्मीदवारों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। तकनीकी और बिजली संबंधी समस्या के कारण परीक्षा शुरू नहीं हो सकी, जिसके बाद प्रभावित परीक्षा को रद्द कर दिया गया। अब इस परीक्षा की नई तारीख का ऐलान कर दिया गया है। प्रभावित उम्मीदवारों की परीक्षा अब 5 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, NEET PG परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होनी थी। लेकिन परीक्षा केंद्र पर बिजली और तकनीकी समस्या आने के कारण उम्मीदवारों की परीक्षा शुरू नहीं हो पाई। इस दौरान परीक्षा केंद्र पर मौजूद छात्रों ने नाराजगी भी जताई। छात्रों का कहना है कि उन्हें परीक्षा रद्द होने और आगे की प्रक्रिया को लेकर शुरुआत में संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई।

 

जयपुर में बिजली गुल, NEET PG परीक्षा रद्द

5 सितंबर को दोबारा होगी परीक्षा

उम्मीदवारों की आपत्ति और परीक्षा केंद्र पर पैदा हुई समस्या के बाद प्रभावित परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया। अब यह परीक्षा 5 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी। जो उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए, उन्हें नई तारीख पर परीक्षा देने का मौका मिलेगा।

फिर जारी होंगे एडमिट कार्ड

5 सितंबर को होने वाली परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को नया या अपडेटेड एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। उम्मीदवार अपना एडमिट कार्ड NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे। NEET PG परीक्षा नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन्स इन मेडिकल साइंसेज यानी NBEMS की ओर से आयोजित की जाती है। यह परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड मोड में होती है।

राजस्थान में बिजली के कारण पहले भी प्रभावित हो चुकी है परीक्षा

राजस्थान में बिजली की समस्या के कारण परीक्षा प्रभावित होने का यह पहला मामला नहीं है। कुछ हफ्ते पहले ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट यानी AIAPGET 2026 के दौरान भी जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज में बिजली चली गई थी। बिजली जाने के कारण उस समय परीक्षा बीच में ही रोकनी पड़ी थी और करीब 49 उम्मीदवार अपना पेपर पूरा नहीं कर पाए थे। उस परीक्षा को भी अब 5 सितंबर को दोबारा आयोजित किया जाना है।

ये भी पढ़ें:

उज्बेकिस्तान में PM मोदी को सर्वोच्च सम्मान, रणनीतिक साझेदारी पर बड़ी सहमति

By admin