प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड के जरिए देशवासियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने नशा मुक्ति अभियान, देशभक्ति, आजादी के आंदोलन, महिलाओं की आर्थिक मजबूती, स्वच्छता और वोकल फॉर लोकल जैसे कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। पीएम मोदी ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के लोगों के रचनात्मक विचारों और प्रेरणादायक कामों को सामने लाने का एक बड़ा मंच बन चुका है।
मुंबई की वेबसाइट का किया जिक्र
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने मुंबई के कृष्णा शेषाद्री की ‘भारत राज्य डॉट कॉम’ वेबसाइट का जिक्र किया। इस वेबसाइट के जरिए लोग किसी भी साल का चयन कर यह जानकारी हासिल कर सकते हैं कि उस समय भारत के अलग-अलग हिस्सों पर किसका शासन था। पीएम मोदी ने कार्यक्रम के दौरान कृष्णा शेषाद्री से फोन पर बात भी की और उनसे पूछा कि उन्हें ऐसी वेबसाइट बनाने का विचार कैसे आया। प्रधानमंत्री ने उनके इस प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
नशा मुक्ति अभियान में युवाओं की भूमिका पर जोर
प्रधानमंत्री ने देश में चल रहे नशा मुक्ति अभियान पर भी बात की। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या का असर सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार इससे प्रभावित होता है। पीएम मोदी ने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा स्लोगन, गाने, नाटक और दूसरे रचनात्मक माध्यमों से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दे सकते हैं।
देशभक्ति के माहौल का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने अगस्त महीने में देशभर में दिखे देशभक्ति के माहौल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस, राष्ट्रीय हथकरघा दिवस और भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ जैसे अवसर देशवासियों के मन में गर्व की भावना पैदा करते हैं। पीएम मोदी ने वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इससे यह साल और खास बन गया है। उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत अब तक आठ करोड़ से ज्यादा तिरंगा सेल्फी अपलोड की जा चुकी हैं। उन्होंने सूर्यपथ तिरंगा अभियान का भी जिक्र किया और देशवासियों की भागीदारी की सराहना की।
PM स्वनिधि योजना से महिलाओं को मिल रही ताकत
प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के जरिए छोटे कारोबारियों और खासकर महिलाओं को मिल रही मदद पर भी बात की। उन्होंने कहा कि इस योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं। पीएम मोदी ने गाजियाबाद की बबीता शर्मा का उदाहरण दिया। बबीता पहले पूजा का सामान बेचने का काम करती थीं। योजना के तहत मदद मिलने के बाद उनका छोटा स्टॉल अब एक दुकान का रूप ले चुका है।
अमरनाथ यात्रा में स्वच्छता और जनभागीदारी की सराहना
प्रधानमंत्री ने अमरनाथ यात्रा के दौरान दिखाई गई स्वच्छता और लोगों की भागीदारी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक अभियानों में जब आम लोग जुड़ते हैं, तो उनके बेहतर नतीजे देखने को मिलते हैं।
अभिनेता उत्तम कुमार को किया याद
‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने मशहूर अभिनेता उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तम कुमार ने अपने शानदार अभिनय के जरिए दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई और उनकी कला को आज भी याद किया जाता है।
त्योहारों से पहले फिर दिया वोकल फॉर लोकल का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने आने वाले त्योहारों के बीच एक बार फिर लोगों से वोकल फॉर लोकल अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग त्योहारों के दौरान स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें और छोटे कारोबारियों को बढ़ावा दें। पीएम मोदी ने कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स से भी अपील की कि वे वोकल फॉर लोकल अभियान को आगे बढ़ाएं और ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्थानीय उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित करें।
