पाकिस्तान में हर साल 14 अगस्त को आजादी का दिन यानी यौम-ए-आजादी मनाया जाता है। इस मौके पर आम लोगों के साथ-साथ पाकिस्तानी फिल्म और टीवी सितारे भी जश्न मनाते नजर आते हैं। लेकिन इस बार कुछ पाकिस्तानी एक्ट्रेसेस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
वायरल वीडियो में पांच पाकिस्तानी एक्ट्रेसेस हाथों में पाकिस्तान का झंडा लेकर खुशी से जश्न मनाती दिखाई दे रही हैं। वे हंसते हुए और झूमते हुए नजर आती हैं। लेकिन इस दौरान जो गाना बज रहा था, उसे लेकर विवाद खड़ा हो गया।
दरअसल, वीडियो में आलिया भट्ट की फिल्म ‘राजी’ का देशभक्ति गाना ‘ऐ वतन, वतन मेरे, आबाद रहे तू’ बज रहा है। यह एक भारतीय देशभक्ति गीत है। इसी वजह से पाकिस्तानी एक्ट्रेसेस को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है।
विवाद इसलिए भी बढ़ गया क्योंकि फिल्म ‘राजी’ की कहानी भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव और जासूसी की पृष्ठभूमि पर आधारित है। ऐसे में पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर पाकिस्तानी झंडे के साथ भारतीय देशभक्ति गाने का इस्तेमाल लोगों को खटक गया।
पाकिस्तानी इंफ्लुएंसर ने जताई नाराजगी
पाकिस्तानी इंफ्लुएंसर ड्रैज वारिस ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए एक्ट्रेसेस के गाने के चुनाव पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जानी-मानी हस्तियों को ऐसी चीजों को लेकर ज्यादा सावधान रहना चाहिए।
इंफ्लुएंसर ने कहा कि यह भारतीय संगीत या बॉलीवुड के खिलाफ होने की बात नहीं है, लेकिन राष्ट्रीय मौकों पर गाने का चुनाव सोच-समझकर किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस गलती की वजह से सोशल मीडिया पर पाकिस्तान का मजाक बन रहा है।
उनका कहना था कि जब पाकिस्तान का स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा हो और हाथ में पाकिस्तान का झंडा हो, तब भारतीय देशभक्ति गाने का इस्तेमाल करना सवाल खड़े करता है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं और पाकिस्तानी एक्ट्रेसेस को इस गाने के चुनाव को लेकर जमकर ट्रोल किया जा रहा है।
