?>
CM योगी के बयान पर भड़के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभल दौरे के दौरान दिए गए बयानों पर सियासत तेज हो गई है। संभल से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।

‘CM को सिर्फ तुर्क ही क्यों याद आते हैं?’

जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब भी संभल या मुरादाबाद आते हैं, उन्हें सिर्फ तुर्क समाज की ही बात याद आती है। उन्होंने कहा कि तुर्क समुदाय का देश के इतिहास और विकास में अहम योगदान रहा है और इसे नकारा नहीं जा सकता।

बयानों की भाषा पर उठाए सवाल

सपा सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को सोच-समझकर बयान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा किसी मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देती। बर्क ने यह भी कहा कि उन्हें अपने दादा और पूर्व सांसद शफीकुर्रहमान बर्क से जनता की आवाज उठाने की सीख मिली है। उन्होंने कहा कि “टोपी मेरी पहचान है और कोई इसे मुझसे नहीं छीन सकता।”

‘100 साल’ वाले बयान पर भी किया पलटवार

मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी बर्क ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें 100 साल बाद भी जमीन वापस दिलाने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि किसी को नहीं पता कि 100 साल बाद क्या होगा और देश संविधान के अनुसार चलता है, न कि ऐसे बयानों से।

जौहर यूनिवर्सिटी पर भी बोले

रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई के मुद्दे पर बर्क ने कहा कि यह संस्थान छात्रों की पढ़ाई के लिए बनाया गया है, जहां सभी धर्मों के बच्चे शिक्षा लेते हैं। अगर किसी तरह की कमी है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन इमारतें तोड़ना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो इस मामले में कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी।

सरकार पर लगाए कई आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सपा सांसद ने प्रदेश में बढ़ते अपराध, बेरोजगारी, पेपर लीक और कथित फर्जी एनकाउंटर जैसे मुद्दों पर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार को इन समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए और जनता के मुद्दों का समाधान करना चाहिए।

ये भी पढ़ें:

By admin