पाकिस्तान की जनता को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। सरकार ने पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पेट्रोल की कीमत में 13.18 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और हाई स्पीड डीजल में 13.80 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। नई दरें तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
बढ़ोतरी के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 310.71 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और हाई स्पीड डीजल 323.30 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गया है। सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन में इसकी पुष्टि की गई है।
पहले भी बढ़ चुके हैं दाम
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान में ईंधन महंगा हुआ है। पिछले कुछ महीनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कई बार बदलाव किया जा चुका है। लगातार बढ़ती कीमतों का असर आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई दे रहा है और महंगाई का दबाव भी बढ़ रहा है।
कच्चे तेल की कीमतों का असर
मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कुछ समय पहले ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी। बाद में हालात में कुछ सुधार होने पर कीमतें घटकर 72 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई थीं। फिलहाल ब्रेंट क्रूड ऑयल करीब 76.01 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। इसी वजह से कई देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर असर देखने को मिल रहा है।
