राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आखिरकार मॉनसून का असर साफ दिखाई देने लगा है। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई है। वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश दर्ज की गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दोपहर से लेकर रात तक राजधानी के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
उमस से मिली राहत
बारिश और ठंडी हवाओं की वजह से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है। सुबह से ही मौसम सुहावना बना हुआ है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। IMD के अनुसार आज अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

ईस्ट ऑफ कैलाश में पेड़ गिरा
तेज हवाओं का असर दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में भी देखने को मिला। अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक बड़ा पेड़ सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों पर गिर गया। इस हादसे में 4 से 5 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
गुरुग्राम में कई जगह जलभराव
गुरुग्राम में तेज बारिश के चलते कई सड़कों पर पानी भर गया। हीरो होंडा चौक से सुभाष चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर बारिश की वजह से ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ गई। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह उत्तर अरब सागर, गुजरात, राजस्थान और हरियाणा के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। इसके चलते दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर भारत के अन्य राज्यों में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है।
IMD का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों में मॉनसून राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तर अरब सागर के बाकी हिस्सों में भी पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। इसके बाद देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।
