उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक दूध विक्रेता पर घरों में सप्लाई करने से पहले दूध में थूकने का आरोप लगा है। यह मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के आदर्श नगर का बताया जा रहा है। आरोप है कि एक संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोपी को कथित तौर पर रंगे हाथ पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।
पहले से मिल रही थी शिकायत
बताया जा रहा है कि हिंदू शेर सेना के कार्यकर्ताओं को कुछ समय से लगातार सूचना मिल रही थी कि एक दूध विक्रेता दूध देने से पहले उसमें थूकता है। इन सूचनाओं के आधार पर कार्यकर्ताओं ने निगरानी शुरू की और मौके पर पहुंचकर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी।
वीडियो बनाने का दावा
जानकारी के अनुसार, आरोपी जब आदर्श नगर निवासी सौरभ के घर दूध देने पहुंचा, तभी कार्यकर्ताओं ने उसका वीडियो बना लिया। संगठन का दावा है कि वीडियो में दूध विक्रेता दूध के डिब्बे में थूकता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद उसे मौके पर ही रोक लिया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
आरोपी ने क्या सफाई दी?
लोगों द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने आरोपों से इनकार किया। उसका कहना था कि वह दूध में थूक नहीं रहा था, बल्कि दूध को सूंघकर यह जांच रहा था कि कहीं वह खराब तो नहीं हो गया है। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी इस दलील को स्वीकार नहीं किया।
पुलिस के हवाले किया गया
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने साथ थाने ले गई। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास हिंदू के मुताबिक, आरोपी की पहचान आरिफ पुत्र शरीफ, निवासी इमिलिया सुल्तानपुर के रूप में हुई है।
