दिल्ली के हरिनगर इलाके के एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। राजकीय सर्वोदय सह-शिक्षा विद्यालय में बच्चों के लिए आए खाने के कंटेनर में मरी हुई छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना 3 जुलाई की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे “मूनलाइट” नाम के एनजीओ की ओर से स्कूल में मिड-डे मील पहुंचाया गया था। खाना चावल और चना दाल के चार सीलबंद कंटेनरों में लाया गया था, जिन्हें नियमों के अनुसार स्कूल में सुरक्षित जगह पर रख दिया गया था।
उसी दिन स्कूल में स्पोर्ट्स और कल्चरल इंचार्जों की सालाना जोनल मीटिंग और पौधारोपण कार्यक्रम भी चल रहा था। इस दौरान शिक्षा विभाग के कुछ वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों और मिड-डे मील कमेटी की मौजूदगी में भोजन की जांच और टेस्टिंग भी की गई थी।
खाना बच्चों में बांटे जाने की प्रक्रिया शुरू ही हुई थी कि एक हेल्पर को एक कंटेनर के अंदर मरी हुई छिपकली दिखाई दी। जैसे ही यह जानकारी सामने आई, स्कूल प्रशासन ने तुरंत भोजन वितरण रोक दिया।मामले की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने प्रोटोकॉल के अनुसार कार्रवाई की और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है।
राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी छात्र की तबीयत खराब होने की सूचना सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लापरवाही कहां हुई और यह छिपकली कंटेनर तक कैसे पहुंची। वहीं, मिड-डे मील सप्लाई करने वाली एजेंसी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
