दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे सलमान खान

बॉलीवुड अभिनेता Salman Khan ने अपनी कथित छवि और व्यक्तित्व अधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए फिल्म Kala Hiran: Battle for Legacy की रिलीज पर रोक लगाने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अभिनेता का दावा है कि यह फिल्म उनके चर्चित काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित है और इसके प्रचार में उनकी पहचान का इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्रोमो जारी होते ही कोर्ट पहुंचे सलमान

दिल्ली हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में सलमान खान ने कहा है कि फिल्म के निर्माताओं ने प्रोमो में ऐसे कलाकार को दिखाया है जिसकी शक्ल-सूरत उनसे काफी मिलती-जुलती है। इतना ही नहीं, उस किरदार को सलमान खान की पहचान से जुड़े प्रतीकों के साथ भी दिखाया गया है, जिससे दर्शकों के बीच यह धारणा बन सकती है कि फिल्म सीधे तौर पर उन्हीं पर आधारित है। याचिका के अनुसार, फिल्म निर्माता बिना अनुमति उनके नाम, छवि और लोकप्रियता का उपयोग कर फिल्म का प्रचार कर रहे हैं, जो उनके पब्लिसिटी राइट्स और पर्सनालिटी राइट्स का उल्लंघन है।

फिल्म की रिलीज से छवि को नुकसान होने का दावा

सलमान खान ने अदालत से कहा है कि फिल्म की रिलीज उनके खिलाफ चल रही कानूनी कार्यवाही को प्रभावित कर सकती है। साथ ही इससे उनकी सार्वजनिक छवि को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसी आधार पर अभिनेता ने फिल्म के निर्माण, प्रचार, रिलीज और डिजिटल स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने की मांग की है। अदालत से अंतरिम राहत की भी अपील की गई है ताकि मामले का अंतिम फैसला आने तक फिल्म को सार्वजनिक रूप से जारी न किया जाए।

पहले भी भेजा जा चुका है कानूनी नोटिस

गौरतलब है कि फिल्म के निर्माता Amit Jani ने कुछ समय पहले ‘काला हिरण’ फिल्म की घोषणा की थी। फिल्म की घोषणा के साथ जारी पोस्टर और प्रचार सामग्री को लेकर विवाद शुरू हो गया था। सलमान खान की ओर से निर्माताओं को पहले एक कानूनी नोटिस भी भेजा गया था, जिसमें फिल्म के निर्माण और प्रचार गतिविधियों को रोकने की मांग की गई थी। हालांकि फिल्म निर्माता ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वह इस नोटिस का जवाब नहीं देंगे। विवाद उस समय और बढ़ गया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें निर्माता कथित तौर पर सलमान खान की ओर से भेजे गए नोटिस को फाड़ते हुए दिखाई दिए।

फर्स्ट लुक ने बढ़ाया विवाद

हाल ही में फिल्म का फर्स्ट लुक और प्रोमो जारी किया गया। इसमें एक ऐसा किरदार दिखाई दिया जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि उसका लुक सलमान खान से मिलता-जुलता है। प्रोमो सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया तथा अभिनेता ने सीधे अदालत की शरण लेने का फैसला किया। सलमान खान का पक्ष है कि दर्शक इस किरदार को उनके साथ जोड़ सकते हैं, जिससे उनकी प्रतिष्ठा और कानूनी स्थिति प्रभावित हो सकती है।

आज होगी सुनवाई

दिल्ली हाईकोर्ट में दायर याचिका पर आज सुनवाई होने की संभावना है। अदालत यह तय करेगी कि फिल्म पर अंतरिम रोक लगाई जाए या नहीं। फिल्म की रिलीज और प्रमोशन को लेकर अब सभी की नजरें कोर्ट के फैसले पर टिकी हुई हैं।

ये भी पढ़ें:

By admin