पूर्वी दिल्ली के गांधीनगर इलाके में एक गारमेंट फैक्ट्री के भीतर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक कर्मचारी पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 5 जून को डॉ. हेडगेवार अस्पताल से सूचना मिली थी कि कृष्ण कुमार नामक व्यक्ति को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। उसके शरीर पर किसी नुकीले हथियार से किए गए हमले के निशान थे। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल से जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन वह घटना के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। इतना ही नहीं, वह बाद में अस्पताल से बिना किसी सूचना के चला गया और कानूनी कार्रवाई से भी इनकार कर दिया।
अगले दिन जीटीबी अस्पताल से खबर मिली कि उपचार के दौरान कृष्ण कुमार की मौत हो गई है। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि मृतक गांधीनगर के रघुवरपुरा-द्वितीय स्थित एक गारमेंट फैक्ट्री में काम करता था।
फैक्ट्री मालिक और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को घटना की अहम कड़ियां मिलीं। जानकारी के अनुसार, 4 जून की रात फैक्ट्री में कुछ कर्मचारी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस हिंसक झगड़े में बदल गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि झगड़े के दौरान आरोपी अरबाज ने पहले टाइगर नाम के कर्मचारी पर हमला किया। इसके बाद उसने कृष्ण कुमार को निशाना बनाते हुए कैंची से कई वार किए। हमले में कृष्ण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने 7 जून को हत्या का मामला दर्ज किया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने दक्षिण दिल्ली के संगम विहार निवासी 27 वर्षीय अरबाज को उत्तम नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून से सनी कैंची और वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह किशोरावस्था में हत्या के प्रयास के एक मामले में भी शामिल रह चुका है।
