पश्चिम बंगाल से बड़ी खबर सामने आई है, जहां तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व उम्मीदवार और पूर्व विधायक जहांगीर खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने उन्हें नेपाल से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से पकड़ने में सफलता हासिल की।
बताया जा रहा है कि जहांगीर खान लंबे समय से पुलिस की नजरों से बचते हुए फरार चल रहे थे और हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के बाद से ही वह अचानक लापता हो गए थे। उनकी गिरफ्तारी के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जहांगीर खान के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या की कोशिश, दंगा भड़काने और जबरन वसूली जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। इसके अलावा उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा एक मामला भी दर्ज है, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) कर रहा है। बताए कि STF ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की और उनके एक सहयोगी के मोबाइल फोन को ट्रैक करने के बाद पुलिस टीम वहां तक पहुंची, जहां से उन्हें गिरफ्तार किया गया।
हालांकि, गिरफ्तारी को लेकर अभी तक पुलिस की ओर से पूरी जगह और समय की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। संभावना है कि पश्चिम बंगाल पुलिस जल्द ही इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दे सकती है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि फरारी के दौरान वह किन-किन लोगों के संपर्क में थे और किस तरह से सीमा पार भागने की कोशिश कर रहे थे।
गौरतलब है कि कोलकाता हाईकोर्ट ने पहले जहांगीर खान को गिरफ्तारी से कुछ समय के लिए अंतरिम राहत दी थी, लेकिन बाद में यह सुरक्षा समाप्त हो गई और अदालत ने इसे आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया। जहांगीर खान पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट से टीएमसी के उम्मीदवार रह चुके हैं और चुनाव प्रचार के दौरान भी वह विवादों में घिरे रहे थे, खासकर एक आईपीएस अधिकारी को लेकर दिए गए बयान के बाद वह सुर्खियों में आए थे। हालांकि, इस चुनाव में फलता सीट पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी।
