बॉलीवुड सेलेब्स का मिला कॉकरोच जनता पार्टी को सपोर्ट

दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुक्रवार को आयोजित होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस से अनुमति भी मिल चुकी है। इस बीच कई फिल्मी हस्तियां भी आंदोलन के समर्थन में सामने आई हैं और युवाओं की आवाज को समर्थन दिया है।

बॉलीवुड अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए देश के युवाओं के प्रति अपना समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि भले ही वह इस समय विदेश में हैं, लेकिन उनका मन दिल्ली और वहां अपनी आवाज उठा रहे युवाओं के साथ है। ऋचा ने युवाओं से शांतिपूर्ण और जिम्मेदार तरीके से अपनी बात रखने की अपील करते हुए उन्हें सच्ची देशभक्ति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य को बेहतर बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और वह दिल से उनके साथ खड़ी हैं।

वहीं अभिनेता अतुल कुलकर्णी ने भी प्रदर्शन में शामिल होने वाले युवाओं का समर्थन किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि नई पीढ़ी देश में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखती है। अतुल ने स्वीकार किया कि पिछली पीढ़ियों से कई गलतियां हुई हैं, जिनका असर आज के युवाओं को झेलना पड़ रहा है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ देश को आगे बढ़ाने की अपील की।

दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर यह आंदोलन शुरू किया है। संगठन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नई दिल्ली क्षेत्र में एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। युवाओं के इस आंदोलन को सोशल मीडिया पर भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। कई लोग इसे शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान बता रहे हैं, जबकि प्रशासन सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने पर लगातार नजर रखे हुए है।

ये भी पढ़ें:

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान

By admin