जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रोपवे सिस्टम में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इस खराबी के चलते सैकड़ों पर्यटक बीच हवा में ही केबिनों में फंस गए। जानकारी के मुताबिक, करीब 300 पर्यटक रोपवे की केबल कारों में फंसे हुए हैं। रोपवे अचानक रुकने के बाद वहां मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई और कई पर्यटक डर के कारण चीखने-चिल्लाने लगे।

तुरंत शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं। फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित निकालने की कोशिशें तेजी से जारी हैं। रोपवे में अचानक आई इस खराबी के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा और रेस्क्यू टीमें तैनात कर दी गई हैं। प्रशासन का कहना है कि तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है और सभी पर्यटकों को जल्द सुरक्षित नीचे लाया जाएगा।
सीएम ने दिया बयान
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री Omar Abdullah ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है, सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
