पंजाब के मोहाली में ED की रेड, 12 ठिकानों पर छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब में मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर बड़ी कार्रवाई शुरू की है। एजेंसी ने राज्य के 12 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की है। इनमें मोहाली जिला भी शामिल है।

जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई विकास प्राधिकरणों से गलत तरीके से लाइसेंस लेने और सरकारी फीस में गड़बड़ी के मामले में की जा रही है। ईडी की टीम अजय सहगल, ABS टाउनशिप, Altus बिल्डर्स और कुछ अन्य लोगों के ठिकानों पर जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि ईडी नितिन गोहल की भी तलाश कर रही है। उन पर आरोप है कि उन्होंने ऐसे बिल्डरों की मदद की, जिन पर GMADA की फीस जमा करने में गड़बड़ी करने का आरोप है। जांच एजेंसी का कहना है कि नितिन गोहल ने बिल्डरों को राजनीतिक संरक्षण दिलाने में भी मदद की।

सूत्रों के अनुसार, नितिन गोहल मुख्यमंत्री के OSD राजबीर गुहमन के करीबी माने जाते हैं। उन पर शक है कि वे पंजाब मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की तरफ से एक संपर्क अधिकारी की तरह काम कर रहे थे।

इस मामले को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता और पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि एक केंद्रीय एजेंसी मुख्यमंत्री के करीबी सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

प्रताप सिंह बाजवा ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या इस कार्रवाई से सच में इंसाफ मिलेगा या फिर राजनीतिक “वॉशिंग मशीन” के जरिए मामला शांत कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका जवाब आने वाले समय में मिलेगा। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और एजेंसी दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें:

By admin