यूपी पुलिस में होगी 1 लाख नई भर्तियां, सीएम योगी ने किया बड़ा एलान

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी और राहत देने वाली खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि इस साल राज्य में करीब 1 लाख नई पुलिस भर्तियां की जाएंगी। इस ऐलान से लाखों युवाओं में उम्मीद और उत्साह बढ़ गया है।

बताए कि, यह घोषणा उन्होंने पुलिस दूरसंचार विभाग के 936 चयनित परिचालकों को नियुक्ति पत्र देने के कार्यक्रम के दौरान की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि राज्य सरकार का फोकस पुलिस व्यवस्था को और मजबूत और आधुनिक बनाने पर है, और इसी दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 9 सालों में उत्तर प्रदेश में 2 लाख 20 हजार से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आंकड़ा नहीं है, बल्कि राज्य की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की एक बड़ी उपलब्धि है। पहले की तुलना में अब भर्ती प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी और तेज हुई है, जिससे युवाओं का भरोसा भी बढ़ा है।

अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि जब सरकार की नीयत साफ होती है और काम करने का तरीका सही होता है, तो उसके नतीजे भी दिखते हैं। आज उत्तर प्रदेश पुलिस एक नई पहचान के साथ काम कर रही है और अपराध नियंत्रण में पहले से ज्यादा प्रभावी बनी है।

मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को किसी भी राज्य के विकास की सबसे जरूरी शर्त बताया। उन्होंने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था के कारण ही आज उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ रहा है। देश और विदेश के बड़े निवेशक अब यूपी में उद्योग लगाने के लिए आगे आ रहे हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में बेहतर सुरक्षा और स्थिर माहौल के कारण इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित हो रहा है। इससे न सिर्फ उद्योगों को फायदा मिल रहा है, बल्कि आम जनता के जीवन में भी सुधार आ रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस व्यवस्था में तकनीक और कम्युनिकेशन की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में मजबूत संचार व्यवस्था बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे पुलिस घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई कर सकती है। बेहतर तकनीक के इस्तेमाल से अपराध नियंत्रण और भी प्रभावी हो जाता है और आम लोगों को राहत मिलती है।

वहीं, इसके अलावा मुख्यमंत्री ने एक खास उपलब्धि का जिक्र करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां 500 से अधिक खिलाड़ियों को पुलिस बल में शामिल किया गया है। ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतकर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं, जिससे पुलिस विभाग को भी एक नई पहचान मिली है।

हालांकि अभी 1 लाख पुलिस भर्तियों की पूरी प्रक्रिया, पदों का विवरण और आवेदन की तारीखें आधिकारिक रूप से घोषित नहीं की गई हैं, लेकिन मुख्यमंत्री के इस ऐलान से यह साफ हो गया है कि आने वाले समय में युवाओं के लिए बड़े स्तर पर भर्ती अभियान शुरू होने वाला है।

By admin