AAP में बड़ी फूट की खबर सामने आई है। ‘आम आदमी पार्टी’ के संस्थापक सदस्य और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी से अलग होने का ऐलान कर दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी अपने मूल मूल्यों से पूरी तरह भटक गई है, जिसके चलते वे अब पार्टी छोड़कर जनता के बीच जा रहे हैं।
राघव चड्ढा ने अपनी ही पार्टी को लेकर खुलकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने तीखे लेकिन व्यंग्यात्मक अंदाज में खुद को “गलत जगह पर सही व्यक्ति” बताया और संकेत दिया कि पार्टी की मौजूदा दिशा से वे संतुष्ट नहीं हैं।
राघव चड्ढा का कहना है कि पार्टी अब उन मूल विचारों से भटकती नजर आ रही है, जिनके आधार पर इसकी शुरुआत हुई थी। इसी वजह से उनके भीतर असहजता बढ़ती जा रही थी और उन्हें लगने लगा कि मौजूदा माहौल में काम करना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के ज्यादातर सांसद उनके रुख के साथ खड़े हैं। उनके अनुसार, कई सांसदों ने समर्थन में हस्ताक्षर भी किए हैं। इसमें हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजेंद्र गुप्ता, संदीप पाठक, विक्रमजीत साहनी और अशोक मित्तल जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं। गौरतलब है कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के कुल 10 सदस्य हैं, जिनमें से 7 पंजाब और 3 दिल्ली से आते हैं।
संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, AAP सांसद राघव चड्ढा ने कहा, “हमने फैसला किया है कि हम, राज्यसभा में AAP के 2/3 सदस्य, भारत के संविधान के प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए खुद को बीजेपी में मिला लेंगे।”