मध्यप्रदेश के धार जिले के धामनोद वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गुजरी डेहरिया में उस समय अचानक दहशत फैल गई जब एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुस आया। बताए कि, तेंदुए के हमले में चार लोग घायल हो गए हैं। इनमें महेश वास्केल, ग्यारसी लाल सोलंकी, कांताबाई राठौड़ और विकास (पिता गोकुल डावर, निवासी बडवेल) शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरी में इलाज के लिए भेजा गया है।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि तेंदुआ अचानक गांव में आ गया और उसने लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ ग्रामीण और वन विभाग के कर्मचारी उसे काबू में करने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो गई। बताया जा रहा है कि एक वन अधिकारी पर भी तेंदुए ने हमला कर दिया।

वहीं, घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें साफ देखा जा सकता है कि अफरा-तफरी के बीच कुछ लोग तेंदुए को पकड़ने की कोशिश करते हैं और एक युवक उसे जमीन पर दबाने में कामयाब भी हो जाता है, लेकिन कुछ ही पलों में वह तेंदुआ खुद को छुड़ाकर वहां से भाग निकलता है।
बता दें कि, इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया है। ग्रामीणों में काफी दहशत है और लोग घरों के अंदर ही रहने को मजबूर हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश शुरू कर दी गई है। फिलहाल तेंदुआ अभी भी आसपास के इलाके में ही देखा जा रहा है, जिससे लोगों में और भी ज्यादा डर बना हुआ है।
प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और कहा गया है कि बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलें, ताकि किसी भी बड़े हादसे को रोका जा सके।
