अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों और रुपये की विनिमय दर में उतार-चढ़ाव को देखते हुए तेल कंपनियों ने देशभर में कीमतों पर इजाफा किया है। देशभर में प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब प्रीमियम डीजल भी महंगा हो गया है। तेल कंपनियों ने सोमवार रात 12 बजे से प्रीमियम डीजल की कीमतों में लगभग 1.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। इस फैसले का सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
देश में प्रीमियम पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है, जिसका सीधा असर परिवहन, लॉजिस्टिक्स और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों पर पड़ने वाला है। बढ़ती कीमतों के कारण इन सेक्टरों की लागत में इजाफा हो सकता है।
जानकारी के मुताबिक, Indian Oil Corporation Limited ने अपने प्रीमियम ईंधन के दाम बढ़ा दिए हैं। नई दरों के अनुसार, XP100 (100 ऑक्टेन) पेट्रोल की कीमत 149 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 160 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं एक्स्ट्रा ग्रीन प्रीमियम डीजल की कीमत 91.49 रुपये से बढ़ाकर 92.99 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
वहीं, अब इस बढ़ोतरी के तहत XP100 पेट्रोल में करीब 11 रुपये प्रति लीटर और प्रीमियम डीजल में लगभग 1.50 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। नई कीमतें तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
दिल्ली में अब प्रीमियम डीजल की कीमत करीब 95-96 रुपये प्रति लीटर के आसपास पहुंच गई है। हालांकि यह डीजल बेहतर माइलेज और इंजन परफॉर्मेंस देता है, लेकिन कीमत बढ़ने से इसका इस्तेमाल सीमित हो सकता है।
गौरतलब है कि इससे पहले 20 मार्च को भी प्रीमियम पेट्रोल के दाम 2 से 2.35 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए गए थे। हालांकि, फिलहाल सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
