भारतीय फुटबॉल जगत को बड़ा झटका लगा है। युवा फुटबॉलर रविंद्र सिंह (Ravindra Singh) का अचानक निधन हो गया। वह पंजाब के नवांशहर जिले के बछौरा गांव में एक टूर्नामेंट मैच खेल रहे थे, तभी मैदान पर उन्हें अचानक सीने में दर्द हुआ और वह गिर पड़े। साथी खिलाड़ी उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने वहां पहुंचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है, हालांकि असली कारण मेडिकल जांच के बाद ही साफ होगा।
रविंद्र सिंह पंजाब के लुधियाना जिले के मजरी गांव के रहने वाले थे और वह Namdhari FC के लिए खेलते थे, जो I-League से जुड़ा क्लब है। 25 साल के रविंद्र टीम के डिफेंडर थे और डिफेंस में अहम भूमिका निभाते थे। वह पढ़ाई भी कर रहे थे और गढ़शंकर के बब्बर अकाली मेमोरियल खालसा कॉलेज से बीए कर रहे थे।
रविंद्र के निधन की खबर के बाद नामधारी एफसी ने सोशल मीडिया पर शोक जताया। क्लब ने कहा कि इतनी कम उम्र में उनका जाना फुटबॉल जगत के लिए बड़ी क्षति है और ईश्वर उनके परिवार को इस दुख को सहने की ताकत दे।
