मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज कस्बे में बुधवार दोपहर प्रदीप नामक व्यक्ति ने सुरेंद्र उर्फ सुनील को गोलियों से मार दिया। आरोपी ने पुरानी रंजिश और प्रेम संबंध के झगड़े का बदला लेने के लिए यह वारदात सनातन धर्म मंदिर के सामने अंजाम दी। मोटरसाइकिल पर आया हमलावर सुरेंद्र की कमर और कनपटी पर तीन गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद प्रदीप ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर खुद को जिम्मेदार बताया और पुलिस को चुनौती दी।
रामराज के मुख्य बाजार में दोपहर लगभग 1:45 बजे, सुरेंद्र अपनी बाइक से जा रहे थे। तभी नकाबपोश हमलावर ने पीछे से हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि गोली लगते ही सुरेंद्र सड़क पर गिर गए और हमलावर ने पास आकर दोबारा गोली चलाई। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक सुरेंद्र का प्रदीप की पत्नी के साथ प्रेम संबंध था। लगभग डेढ़ साल पहले महिला अपने पति का घर छोड़कर सुरेंद्र के साथ चली गई थी और कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। इसी बात से नाराज प्रदीप ने बदला लेने की ठानी और बुधवार को मौके का फायदा उठाकर उसने सुरेंद्र की हत्या कर दी।
वारदात के बाद प्रदीप ने 4 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। वीडियो में उसने अपनी इंस्टाग्राम आईडी ‘मौत का खौफ 302’ दिखाई और कहा कि उसने अपना बदला ले लिया है। उसने अपनी पत्नी और पुलिस कर्मियों को भी जान से मारने की धमकी दी। वीडियो में वह हथियार दिखाते हुए कह रहा है कि जिस किसी की भी बीवी उसे धोखा दे, वह उसे बताए, वह उसे मार देगा।
