दिल्ली एयरपोर्ट से शनिवार सुबह स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-121 लेह जा रही थी। उस विमान में तकनीकी खराबी के कारण वापस दिल्ली लाना पड़ा। उड़ान के दौरान विमान के इंजन में समस्या आने की सूचना मिली, जिसके बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को जानकारी दी।
मामला सुबह करीब 6:35 बजे फ्लाइट के लिए फुल इमरजेंसी घोषित की गई। पायलट ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट लाने का फैसला किया। इस विमान में 155 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। सुबह करीब 6:45 बजे रनवे 28 पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई
वहीं, विमान की लैंडिंग के दौरान एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मेडिकल टीम को अलर्ट पर रखा गया था। सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम पहले से कर लिए गए थे। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। एयरलाइन के अनुसार, विमान को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है। प्रभावित यात्रियों के लिए दूसरी उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है।
