भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में हुई दुखद घटना के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मृतकों के परिवारों को आर्थिक मदद प्रदान की।
जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत राज्य सरकार को रिपोर्ट भेजी। राज्य सरकार की अनुमति मिलने के बाद सभी जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कर परिजनों के बैंक खातों में सीधे पैसे जमा कराए गए।

इस घटना में सात लोगों की मौत हुई थी। उनके परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से हर परिवार को 3-3 लाख रुपये की मदद दी गई, यानी कुल 21 लाख रुपये सीधे बैंक खातों में पहुंचाए गए।
राज्य सरकार और जिला प्रशासन की यह त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई पीड़ित परिवारों के लिए संकट की घड़ी में राहत साबित हुई। यह सरकार की जनकल्याणकारी सोच और पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।
