दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। हालांकि इस दौरान बारिश ज्यादा नहीं होगी लेकिन हल्की बारिश का अनुमान है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण होगा। दिल्ली-एनसीआर में 31 जनवरी से 3 फरवरी 2026 के बीच हल्की बारिश और बूंदाबांदी के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी हिस्सों जैसे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उसके पास के मध्य भारत के कुछ हिस्सों में 31 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने का अलर्ट है।
दिल्ली की हवा बहुत खराब
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, गुरुवार शाम 4 बजे दिल्ली का औसत AQI 226 ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। IMD और वायु गुणवत्ता चेतावनी प्रणाली के अनुसार, कल (31 जनवरी) से 1 फरवरी तक AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रह सकता है।
मौसम बना हुआ है सुहावना
गुरुवार को दिल्ली में ठंडी हवाओं और बादलों ने मौसम को काफी सुहाना बना दिया है। लेकिन दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। ऐसे में IMD के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश में हाल की भारी बर्फबारी और बारिश की वजह से राज्य में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के मुताबिक, अभी भी 655 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं, जिनमें तीन प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग शामिल हैं। जिससे प्रदेश के सैकड़ों स्थानों पर सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है, जिससे लोगों की आवाजाही और जरूरी सामान की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
