डोडा में गहरी खाई में गिरा सेना का वाहन

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को सेना के एक वाहन के साथ बड़ा हादसा हो गया। सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन सड़क से फिसलकर करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में 10 सैनिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, यह सैन्य वाहन 17 जवानों को लेकर ऊंचाई पर स्थित एक चौकी की ओर जा रहा था। जब वाहन भादरवाह-चंबा अंतरराज्यीय सड़क पर खानी टॉप के पास पहुंचा, तभी वह नियंत्रण से बाहर होकर गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद की। काफी मशक्कत के बाद 10 सैनिकों के शव खाई से बाहर निकाले गए।

घायल सैनिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल तीन जवानों को हेलीकॉप्टर के जरिए उधमपुर के कमांड अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सेना ने बताया है कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और घायलों को हर संभव बेहतर इलाज दिया जा रहा है। हादसे में शहीद हुए जवानों के परिवारों को इसकी सूचना दे दी गई है।

By admin