"You can get a girl from Bihar for 20,000...": उत्तराखंड: मंत्री रेखा आर्य के पति का विवादित बयान"You can get a girl from Bihar for 20,000...": उत्तराखंड: मंत्री रेखा आर्य के पति का विवादित बयान

“You can get a girl from Bihar for 20,000…”: उत्तराखंड: मंत्री रेखा आर्य के पति का विवादित बयान

उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य इन दिनों अपने विभागीय कामकाज से ज्यादा एक विवादित बयान को लेकर चर्चा में हैं। वजह है उनके पति और भाजपा नेता गिरधारी लाल साहू का एक वीडियो, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और विपक्षी कांग्रेस ने सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

 

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के शीतलाखेत मंडल का बताया जा रहा है। वीडियो में गिरधारी लाल साहू भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान वे सामने बैठे एक युवक से बातचीत करते हैं और उसकी शादी को लेकर सवाल पूछते हैं। युवक के शादीशुदा न होने की बात कहने पर मंत्री के पति कथित तौर पर कहते हैं कि बिहार में 20 से 25 हजार रुपये में लड़की मिल जाती है और अगर वह चाहे तो वे उसके साथ चलकर उसकी शादी करवा सकते हैं।

 

वीडियो में गिरधारी लाल साहू यह कहते भी सुनाई देते हैं कि अब लड़कियों की कोई कमी नहीं है। यह टिप्पणी सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं। कई लोगों ने इसे महिलाओं और एक पूरे राज्य के प्रति अपमानजनक बताया। देखते ही देखते यह वीडियो राजनीतिक मुद्दा बन गया।

 

कांग्रेस ने इस बयान को लेकर भाजपा और राज्य सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस सेवादल ने वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा कि उत्तराखंड सरकार में मंत्री रेखा आर्य के पति और भाजपा नेता गिरधारी लाल साहू का यह बयान भाजपा की महिलाओं के प्रति सोच को उजागर करता है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शादी के लिए महिलाओं को इस तरह सौदे की वस्तु की तरह पेश करना न सिर्फ महिलाओं का, बल्कि पूरे समाज का अपमान है।

 

कांग्रेस सेवादल ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि जिस देश में महिलाओं को देवी का दर्जा दिया जाता है, वहां किसी भी प्रदेश या राज्य की महिलाओं के बारे में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। पार्टी ने सवाल उठाया कि महिला सशक्तिकरण और बाल विकास जैसे अहम विभाग की मंत्री के परिवार से जुड़ा व्यक्ति अगर इस तरह की सोच रखता है, तो सरकार की नीयत और संवेदनशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

 

वायरल वीडियो में गिरधारी लाल साहू कार्यकर्ताओं के बीच सहज बातचीत करते हुए दिखाई देते हैं। वे युवक से उसकी उम्र पूछते हैं और कहते हैं कि तुम तो नौजवान हो, अभी तक शादी क्यों नहीं हुई। इसके बाद वे कहते हैं कि अगर समय पर शादी हो जाती तो अब तक तीन-चार बच्चे भी हो जाते। इसके बाद बिहार से लड़की लाने वाली टिप्पणी करते हैं, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया।

 

यह पहला मौका नहीं है जब मंत्री रेखा आर्य के पति का नाम विवादों में आया हो। इससे पहले भी गिरधारी लाल साहू कई बार अपने बयानों और गतिविधियों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। हालांकि इस ताजा मामले में अब तक न तो मंत्री रेखा आर्य की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है और न ही गिरधारी लाल साहू ने अपने बयान को लेकर कोई सफाई दी है।

 

विपक्ष का आरोप है कि भाजपा नेताओं और उनके परिजनों की ओर से बार-बार महिलाओं को लेकर असंवेदनशील और अपमानजनक बयान दिए जाते रहे हैं, लेकिन पार्टी स्तर पर इस पर सख्त कार्रवाई नहीं होती। कांग्रेस का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक बयान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के प्रति मानसिकता को दर्शाता है।

इस बीच सोशल मीडिया पर भी लोग इस वीडियो को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे मानव तस्करी जैसी मानसिकता से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं, वहीं कुछ लोगों ने मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी और स्पष्टीकरण की मांग की है। महिला अधिकारों से जुड़े संगठनों की ओर से भी इस बयान की निंदा की जा रही है।

 

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास जैसे संवेदनशील विभाग की मंत्री के पति से जुड़ा यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब सरकार महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर लगातार दावे कर रही है। ऐसे में यह बयान राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर सरकार के लिए असहज स्थिति पैदा करता नजर आ रहा है।