मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक कैब ड्राइवर ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। कैब ड्राइवर ने रुपयों से भरा पर्स सवारी के दफ्तर जाकर लौटाया और ताजुब की बात यह थी कि खुद सवारी को नहीं पता था कि उनका पर्स कैब में छूट गया है।

बता दें कि, रात के समय भोपाल गीतांजलि कॉम्प्लेक्स निवासी कारोबारी अजय फागरे उबर कैब से सफर कर रहे थे और अनजाने में अपना पर्स कैब में ही भूल गए और उनके पर्स में तकरीबन 10 हजार रुपये नगद थे जिसकी जानकारी अजय को अगली सुबह तक नहीं थी लेकिन जब उन्हें पता लगा तो वो घर में अपना पर्स तलाश रहे थे तभी उन्हें एक कॉल आया।
कैब ड्राइवर आनंद बावस्कर ने खुद कॉल करके पर्स गुम होने की जानकारी दी और 30 मिनट के भीतर अजय के ऑफिस पहुंचकर पर्स वापस कर दिया। अजय फागरे ने एक निजी चैनल को बताया कि पर्स में नगद राशि उतनी ही थी जितनी उन्होंने छोड़ी थी।
कैब ड्राइवर आनंद बावस्कर किसी अमीर घराने से नहीं, बल्कि एक मध्यम वर्गीय परिवार से हैं, जिन्होंने अपनी नैतिकता से यह साबित किया कि ईमानदारी परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती।
