हरियाणा के CM सैनी का दिल्ली में सियासी दौरा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक दिवसीय दिल्ली दौरे पर रहे, जहां उनकी कई महत्वपूर्ण बैठकों और मुलाकातों का दौर चलता रहा। ये दौरा राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि हाल ही में केंद्र और राज्य की योजनाओं की प्रगति, विपक्ष के आरोपों, और आगामी कार्यक्रमों को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही थीं।
सबसे पहले सुबह दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री सैनी ने राज्य के बीजेपी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के साथ ब्रेकफास्ट मीटिंग की। ये बैठक करीब दो घंटे चली, जिसमें हरियाणा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर, कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल, धारूहेड़ा के चौधरी धर्मवीर, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, सुभाष बराला, किरण चौधरी और निर्दलीय राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा मौजूद रहे।
इस मीटिंग का उद्देश्य था कि, राज्य सरकार और केंद्र में मौजूद हरियाणा के सांसदों के बीच तालमेल बेहतर हो सके, और चल रही योजनाओं की स्थिति पर खुलकर बातचीत हो। सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं, विकास कार्यों में आ रही रुकावटें और जनता की अपेक्षाओं के बारे में सीएम को फीडबैक दिया।

CM सैनी ने उनसे कहा कि, केंद्र और राज्य की योजनाओं में तेजी लाना सरकार की प्राथमिकता है और इन मुद्दों को लेकर वे प्रधानमंत्री से भी चर्चा करेंगे।
ब्रेकफास्ट मीटिंग खत्म होने के बाद CM सैनी सीधे संसद भवन पहुंचे, जहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात तय थी। ये मुलाकात करीब आधे घंटे चली। इस दौरान सीएम ने पीएम को सुबह हुई सांसदों की बैठक का फीडबैक दिया और बताया कि, किन परियोजनाओं में अधिक ध्यान देने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने हरियाणा में चल रही केंद्र की प्रमुख योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अपेक्षित सुधारों पर चर्चा की।
CM सैनी ने पीएम मोदी को राज्य सरकार की ओर से विधानसभा के आगामी विंटर सेशन की तैयारियों के बारे में भी बताया। दोनों नेताओं के बीच विकास कार्यों से लेकर प्रशासनिक सुधारों तक कई मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई। पीएम मोदी ने हरियाणा में चल रहे विकास कार्यों के प्रति संतुष्टि जताई और अपेक्षा व्यक्त की कि, केंद्र और राज्य आपसी तालमेल से जनता तक योजनाएं तेज़ी से पहुंचाएंगे।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद सैनी ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 24 दिसंबर को हरियाणा आ रहे हैं। ये दौरा भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमित शाह पंचकूला में पुलिस परेड में शामिल होंगे, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और बाल दिवस को लेकर आयोजित एक बड़े कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।
विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए CM सैनी ने कहा कि, संसद में कांग्रेस सहित कई विपक्षी दल गलत दावे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष के हर सवाल का तथ्यों के साथ जवाब दिया है। CM सैनी ने कहा “कांग्रेस ने वोट चोरी का आरोप लगाया, लेकिन उनके पास कोई सबूत नहीं है। वे कभी धरातल पर उतरकर जनता के बीच नहीं जाते”।
CM सैनी ने दावा किया कि, विपक्ष केवल भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है, जबकि सरकार विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने ये भी बताया कि, पीएम मोदी ने हरियाणा में चल रही राज्य और केंद्रीय योजनाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही है और आगे भी योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

