PM Narendra Modi visit Varanasi: अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर PM नरेंद्र मोदीPM Narendra Modi visit Varanasi: अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर PM नरेंद्र मोदी

PM Narendra Modi visit Varanasi: अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर PM नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंच रहे हैं। वह यहां दो दिन का प्रवास करेंगे। अपने इस दौरे के दौरान पीएम मोदी वाराणसी को आठवीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री 8 नवंबर की सुबह बनारस रेलवे स्टेशन से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें एक ट्रेन वाराणसी से खजुराहो तक चलेगी।

इस मौके पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहेंगे। यह ट्रेन काशी से खजुराहो के बीच चलने वाली पहली वंदे भारत ट्रेन होगी, जो तीन प्रमुख धार्मिक स्थलों—काशी, विंध्याचल (मिर्जापुर) और चित्रकूट—को जोड़ेगी। इस रूट से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

वाराणसी आने से पहले प्रधानमंत्री मोदी बिहार के भभुआ में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम करीब 5 बजे वह विशेष विमान से लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वह बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) तक आ सकते हैं, जहां उनके लिए एक मिनी रोड शो की तैयारी की गई है। हालांकि, पीएमओ से जारी कार्यक्रम में इस रोड शो का आधिकारिक उल्लेख नहीं किया गया है। इसके बावजूद स्थानीय भाजपा इकाई और प्रशासन ने छह स्थानों पर प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारी की है।

भाजपा की महानगर इकाई ने बताया है कि प्रधानमंत्री का स्वागत संत अतुलानंद बाईपास, जेपी मेहता के पास और बरेका एफसीआई गोदाम के पास किया जाएगा। इन जगहों पर पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि उत्तरी विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्ष भी स्वागत में शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री मोदी बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। उनके ठहरने के लिए कमरा नंबर 12 और 13 को विशेष रूप से सजाया गया है। रात्रि विश्राम के बाद प्रधानमंत्री स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद का समय रिजर्व रखा गया है। माना जा रहा है कि पीएम मोदी रात में काशी की सड़कों पर भ्रमण के लिए निकल सकते हैं और शहर के रोप-वे प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी ने पूरे रूट का निरीक्षण किया है। सुरक्षा कारणों से 8 नवंबर तक बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 से 8 तक ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है। इन प्लेटफॉर्मों पर केवल पीएम के कार्यक्रम की तैयारियां चलेंगी। वहीं, दो ट्रेनों को अब वाराणसी सिटी स्टेशन से गोरखपुर के लिए रवाना किया जाएगा।

बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर बरेका तक पूरे रूट को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। सड़कों की सफाई और पेंटिंग का काम पूरा किया गया है। सड़क किनारे लगे पेड़ों की टहनियां काटी गई हैं और डिवाइडरों पर नया रंग-रोगन किया गया है। बरेका परिसर में स्थित अंडरपास, हेलीपैड मैदान और गेस्ट हाउस में प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सिनेमा हॉल मैदान के मुख्य द्वार से लेकर एफसीआई मार्ग तक सौंदर्यीकरण का काम किया गया है। बनारस स्टेशन के सामने एफसीआई मार्ग पर आधी सड़क नई सीमेंट से बनाई गई है जबकि पुरानी बिटुमिन सड़क की मरम्मत का काम जारी है।

वाराणसी के अलावा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और कालभैरव मंदिर परिसर में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया है। पूरे शहर में प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर जबरदस्त उत्साह है। जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने होर्डिंग, बैनर और पोस्टर लगाए हैं। शहर के प्रमुख चौराहों पर लाइटिंग की गई है।

8 नवंबर की सुबह प्रधानमंत्री मोदी बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। यहां वह उत्तर-पूर्व रेलवे की चार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें वाराणसी से खजुराहो के अलावा लखनऊ से सहारनपुर, फिरोजाबाद से दिल्ली और एरनाकुलम से बेंगलुरु तक चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं। वाराणसी से खजुराहो जाने वाली ट्रेन 8 कोच की होगी, जिसमें सात चेयरकार और एक एक्जीक्यूटिव कोच रहेगा।

वाराणसी से चलने वाली यह नई वंदे भारत ट्रेन धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे काशी, विंध्याचल और चित्रकूट जैसे पवित्र स्थलों तक पहुंचना आसान होगा और धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे को लेकर वाराणसी प्रशासन और रेलवे विभाग पूरी तरह तैयार है। शहर में सुरक्षा, सफाई और स्वागत के इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।