Threat from underworld gang: क्रिकेटर रिंकू सिंह को अंडरवर्ल्ड गैंग से मिली धमकीThreat from underworld gang: क्रिकेटर रिंकू सिंह को अंडरवर्ल्ड गैंग से मिली धमकी

Threat from underworld gang: क्रिकेटर रिंकू सिंह को अंडरवर्ल्ड गैंग से मिली धमकी

भारतीय क्रिकेट टीम के युवा और उभरते सितारे रिंकू सिंह को अंडरवर्ल्ड से मिली धमकी ने देशभर में सनसनी फैला दी है। डी-कंपनी से जुड़ी एक गैंग ने रिंकू सिंह से पांच करोड़ रुपए की फिरौती मांगी है। धमकी भरे तीन ईमेल भेजे गए हैं, जो फरवरी से अप्रैल 2025 के बीच भेजे गए थे।

यह मामला तब सामने आया जब एनसीपी नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को धमकी देने के मामले में पकड़े गए आरोपी नवेद और मोहम्मद दिलशाद की पूछताछ के दौरान रिंकू सिंह का नाम भी आया। इंटरपोल ने जुलाई 2025 में वेस्टइंडीज से गिरफ्तार कर, इन दोनों आरोपियों को मुंबई लाया गया और पूछताछ में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ।

मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक, डी-कंपनी ने रिंकू सिंह को तीन अलग-अलग ईमेल भेजे। पहला मेल 5 फरवरी 2025 को सुबह 7:57 बजे भेजा गया, जिसमें भेजने वाले ने खुद को रिंकू का फैन बताते हुए आर्थिक मदद मांगी थी। ईमेल में लिखा गया, “सर, मैं आपका बड़ा प्रशंसक हूं। अगर आप मेरी आर्थिक मदद कर सकें तो अल्लाह आपको और भी तरक्की देगा, इंशाअल्लाह।”

इसके बाद 9 अप्रैल को रात 11:56 बजे दूसरा मेल आया, जिसमें पांच करोड़ रुपए की डिमांड की गई। संदेश में लिखा गया, “मुझे 5 करोड़ रुपए चाहिए। मैं समय और जगह अरेंज करके बताऊंगा। कृपया अपनी ओर से कंफर्म करें।”

तीसरा और सबसे सीधा धमकी भरा ईमेल 20 अप्रैल को सुबह 7:41 बजे आया, जिसमें केवल लिखा था – “Reminder! D-Company”

इन मेल्स के खुलासे के बाद रिंकू सिंह और उनका परिवार दहशत में है। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में रहने वाले रिंकू के परिवार से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन परिजन किसी का फोन नहीं उठा रहे हैं। अलीगढ़ के एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि अभी तक परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं आई है। अगर कोई लिखित शिकायत मिलती है तो सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की जाएगी।

इस घटना के बीच, रिंकू सिंह का क्रिकेट करियर ऊंचाई की ओर बढ़ता रहा है। 28 सितंबर को दुबई में खेले गए एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर खिताब जीता। इस मैच के हीरो रिंकू सिंह रहे, जिन्होंने विजयी चौका लगाकर भारत को 9वीं बार एशिया कप का चैंपियन बनाया।

निजी जीवन की बात करें तो रिंकू सिंह की सगाई समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज से हो चुकी है। 8 जून 2025 को लखनऊ के ‘द सेंट्रम’ होटल में रिंग सेरेमनी हुई, जिसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव, डिंपल यादव, जया बच्चन, शिवपाल यादव और कई अन्य बड़े नेता शामिल हुए। इस समारोह में जब रिंकू ने प्रिया को अंगूठी पहनाई, तो प्रिया भावुक होकर रो पड़ीं। इसके बाद दोनों ने केक काटा और मेहमानों के साथ जमकर डांस किया।

हालांकि, उनकी शादी जो 18 नवंबर 2025 को काशी में होनी थी, अब टल गई है। विधायक तूफानी सरोज ने बताया कि रिंकू की घरेलू क्रिकेट में व्यस्तता के चलते शादी की तारीख आगे बढ़ा दी गई है और अब फरवरी 2026 में शादी होने की संभावना है।

रिंकू और प्रिया की प्रेम कहानी भी काफी रोचक है। दोनों की पहली मुलाकात IPL 2023 के बाद एक सीनियर क्रिकेटर की शादी में हुई थी। उस शादी में रिंकू को क्रिकेटर की पत्नी ने प्रिया से मिलवाया था। प्रिया सरोज दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीए एलएलबी की पढ़ाई कर चुकी हैं और क्रिकेटर की पत्नी की दोस्त हैं। दोनों के बीच बातचीत वहीं से शुरू हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया।

रिंकू सिंह की जिंदगी संघर्षों से भरी रही है। KKR को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनके परिवार में 5 भाई हैं और पिता गैस सिलेंडर की डिलीवरी का काम करते थे। बच्चों को भी इसी काम में लगाया गया। रिंकू खुद बाइक पर दो सिलेंडर लादकर होटलों और घरों में सिलेंडर पहुंचाते थे। क्रिकेट खेलने का जुनून तो था, लेकिन संसाधनों की भारी कमी थी। इंटर स्कूल टूर्नामेंट में 32 बॉल पर 54 रन की शानदार पारी खेलने के बाद उन्हें धीरे-धीरे पहचान मिलनी शुरू हुई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *