सोनीपत में पहुंचे इनेलो सुप्रीमो अभय चौटालासोनीपत में पहुंचे इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला

सोनीपत में पहुंचे इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला

 

इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला ने हरियाणा की राजनीति में फिर से सियासी माहौल गरमा दिया है। अभय सिंह चौटाला ने सोमवार को सोनीपत में प्रेसवार्ता कर कांग्रेस और JJP पर हमला करते हुए कहा कि, कांग्रेस और JJP ने मिलकर प्रदेश को दोनों हाथों से लूटा और जनता को गुमराह किया।

इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की GST नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि, पहले जनता की जेब काटी गई और अब राहत का नाटक रचा जा रहा है

अभय चौटाला यहां 25 सितंबर को आयोजित होने वाली चौधरी देवीलाल जयंती पर “सम्मान दिवस रैली” को लेकर तैयारी बैठक कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर कहा कि, इनेलो का कारवां फिर से मजबूत होकर खड़ा हो रहा है और इस बार जनता असली विकल्प के रूप में इनेलो को देख रही है

अभय चौटाला ने मंच से कांग्रेस और JJP को ‘जयचंद’ की संज्ञा देते हुए कहा कि, सत्ता की भूख में इन दलों ने प्रदेश को बर्बाद करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि, 2019 में BJP की सरकार इन्हीं दोनों दलों की वजह से बनी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और JJP के नेताओं ने अंदरखाते BJP को फायदा पहुँचाने की रणनीति अपनाई थी।

WhatsApp Image 2025 09 23 at 3.58.17 PM 1

साथ ही उन्होंने कहा कि, “लोग अब समझ चुके हैं कि JJP और कांग्रेस ने किस तरह मिलकर प्रदेश को लूटा। जनता अब उन्हें सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है।” चौटाला ने ये भी दावा किया कि, इन पार्टियों ने किसानों, युवाओं और कर्मचारियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

अभय चौटाला ने दावा किया कि, जो कार्यकर्ता पिछले कुछ वर्षों में इनेलो छोड़कर JJP में चले गए थे, उनमें से 99 प्रतिशत लोग वापस पार्टी में लौट आए हैं। उन्होंने कहा कि, इनेलो ही वह दल है जो हरियाणा की असली आवाज़ है और जनता के दुख-दर्द में खड़ी रहती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि, 25 सितंबर को गोहाना की रैली में यह तस्वीर साफ हो जाएगी। “यह रैली ऐतिहासिक होगी और यह साबित कर देगी कि, जनता का भरोसा इनेलो पर आज भी कायम है।”

अभय चौटाला ने इस मौके पर केंद्र और प्रदेश सरकार की GST नीतियों की भी आलोचना करते हुए कहा कि, सरकार ने पहले नए टैक्स लगाकर जनता से पैसा वसूला और अब राहत देने की बातें कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि, सरकार बताए कि, जो पैसा जनता से टैक्स के नाम पर लूटा गया है, क्या उसे वापस किया जाएगा?

साथ ही उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि, मौजूदा व्यवस्था व्यापारियों और छोटे उद्योगपतियों के लिए बोझ बन चुकी है और इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है।

प्रेसवार्ता के दौरान जब एक पत्रकारों ने अभय चौटाला से भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हालिया बयान पर सवाल किया, जिसमें हुड्डा ने कहा था कि “अभय चौटाला ने उन पर गोलियां चलवाई थीं”, तो चौटाला ने पलटवार करते हुए कहा कि, वे इसका जवाब 25 सितंबर की रैली में देंगे।

साथ ही उन्होंने कहा, “हुड्डा साहब के हर सवाल का जवाब जनता के बीच दिया जाएगा। हम प्रदेश के हर कोने में गए हैं, सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। लोग अब बदलाव चाहते हैं और यह बदलाव इनेलो लेकर आएगी।”

इनेलो हर साल 25 सितंबर को पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की जयंती को “सम्मान दिवस” के रूप में मनाती है। इस बार गोहाना की अनाज मंडी में होने वाली ये रैली खास महत्व रखती है क्योंकि इसे इनेलो अपनी ताकत दिखाने का बड़ा मौका मान रही है।

अभय चौटाला का कहना है कि, ये रैली सिर्फ श्रद्धांजलि सभा नहीं होगी बल्कि इसमें जनता की आवाज़ गूंजेगी और इनेलो के नए सफर का ऐलान होगा।