कंगना ने मनाली में किया आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा
बीजेपी सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने हिमाचल प्रदेश के मनाली में आपदा से प्रभावित इलाकों का दौरा किया। आपदा से प्रभावित लोगों से मुलाक़ात और उनके दर्द को करीब से अनुभव किया।
दरअसल मंडी से सांसद बनीं कंगना इस वक्त मनाली और आसपास के इलाकों के दौरे पर हैं। आपदा प्रभावित परिवारों से बातचीत करते समय कंगना का सामना एक महिला ब्लॉगर से हुआ। सवाल-जवाब के दौरान कंगना ने भावुक अंदाज में जवाब देते हुए कई बार तीखा लहजा भी अपनाया।
साथ ही उन्होंने ब्लॉगर को ‘नोचना’ जैसे शब्द कहकर टोक दिया और ये भी कहा कि “आप अगर हमें नोचेंगे तो हम काम कैसे करेंगे।”
कंगना रनौत सुबह से ही मनाली के बाहंग, सोलंग, पलचान, ओल्ड मनाली और अलेउ जैसे इलाकों का दौरा कर रही थीं। यहां उन्होंने आपदा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की, उनके नुकसान की जानकारी ली और अधिकारियों से प्रभावितों को तुरंत राहत पहुंचाने की बात कही।कंगना ने तहसीलदार अनिल राणा को निर्देश दिए कि, प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत राशि मुहैया करवाई जाए।

भारी बारिश के कारण 24 से 30 अगस्त के बीच मनाली और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। कई जगह सड़कें धंस गईं, घर ढह गए और छोटे कारोबार पूरी तरह ठप हो गए। कंगना ने इस हालात पर दुख जताते हुए कहा कि “मनाली को अपने पैरों पर खड़ा होने में वक्त लगेगा। इस समय हमें एकजुट होकर काम करना चाहिए।”
इस दौरे के दौरान एक महिला ब्लॉगर ने कंगना से सवाल किया कि, वे बॉलीवुड और राजनीति के बीच संतुलन नहीं बना पा रही हैं। इस पर कंगना ने तीखे अंदाज में जवाब दिया,
“मैं होम मिनिस्टर से मिली हूं, पैरा मिलिट्री से भी मुलाकात की है और प्रधानमंत्री के साथ यहां आई हूं।
जितना मैं काम कर रही हूं, शायद ही कोई सांसद इतना ऑफिस-टू-ऑफिस घसीटा गया हो।” इसके बाद जब ब्लॉगर ने अगला सवाल पूछा तो कंगना ने भावुक होकर कहा,”आप मुझ पर चढ़ाई करने आए हैं, शांत हो जाइए। मैं भी यहीं की बेटी हूं। मेरा भी घर, कारोबार और रेस्टोरेंट यहां है।
कल मेरे रेस्टोरेंट में सिर्फ 50 रुपये का बिजनेस हुआ जबकि 15 लाख की सेलरी देनी है। मैं भी अकेली महिला हूं, आप मुझ पर ऐसे अटैक मत कीजिए जैसे मैं इंग्लैंड की क्वीन हूं।”
कंगना ने बातचीत के दौरान अपने निजी नुकसान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, उनका घर और कारोबार भी आपदा से प्रभावित हुआ है।

“पहले हम पढ़ाई और काम के लिए बाहर जाते थे, अब हमें यहीं बड़े प्रोजेक्ट मिले थे। लेकिन इस आपदा ने सब कुछ चौपट कर दिया। पूरे-पूरे रोड बैठ गए हैं।”
कंगना ने आपदा को लेकर कांग्रेस नेताओं और हिमाचल सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि, “राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को यहां आकर लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए था।
लेकिन उन्होंने कोई दौरा नहीं किया। PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह को भी यहां आना चाहिए था, लेकिन वे भी नहीं आए। ये बेहद दुखद है। सरकार सिर्फ पैसे मांगती रहती है, लेकिन अकाउंटेबिलिटी भी होनी चाहिए।”
कंगना से जब पूछा गया कि, बॉलीवुड सेलिब्रिटी होने के नाते क्या वे आपदा प्रभावितों के लिए बड़ा फंड इकट्ठा कर सकती थीं, तो उन्होंने साफ कहा कि, सांसद या कोई भी व्यक्तिगत स्तर पर पैसा इकट्ठा नहीं कर सकता।
“किसी भी इंडिविजुअल को पैसा इकट्ठा करने की इजाजत नहीं है। ये अपराध है। जनता से मेरी अपील है कि वे किसी भी व्यक्ति या NGO को पैसा न दें। बीजेपी, RSS, डिप्टी कलेक्टर का फंड और प्रधानमंत्री राहत कोष जैसी कई व्यवस्थाएं मौजूद हैं। पैसा वहीं जमा कराएं।”
अंत में कंगना ने प्रभावितों से भावुक अपील करते हुए कहा कि, “कोई भी मेरे प्रति दिल में रोष न रखे। मैं आपकी बेटी हूं। अगर मेरे खिलाफ नाराजगी रखेंगे तो मेरा मनोबल टूटेगा। ये समय एकजुट होकर खड़े होने का है। छोटे-छोटे कारोबार को बचाना है, तभी मनाली दोबारा पटरी पर लौट पाएगा।”

