किरोड़ी लाल मीणा की चेतावनी “भ्रष्टाचारियों की काट दूंगा जीभ”
राजस्थान में नकली खाद, बीज और कीटनाशकों के खिलाफ अभियान चला रहे बीजेपी नेता डॉ. किरोड़ी लाल मीणा रविवार को दौसा जिले के महुआ क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने बालाहेड़ी गांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के भूमि पूजन कार्यक्रम में जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक सफर, लोकसभा चुनाव की हार, इस्तीफा, और स्थानीय नेताओं पर जमकर निशाना साधा।
डॉ. मीणा ने कहा कि महुआ उनकी राजनीति की जन्मभूमि है। उन्होंने कहा, “अगर महुआ नहीं होता, तो मैं न दिल्ली पहुंच पाता, न ही मंत्री बन पाता। लेकिन आपने लोकसभा चुनाव में गड़बड़ कर दी। कांग्रेस को वोट दे दिया, जिससे हमारा कैंडिडेट हार गया और मुझे मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा।”
उन्होंने साफ किया कि यह इस्तीफा किसी नाराजगी या मंत्रालय को लेकर नहीं था, बल्कि जनता से किए वादे को निभाने की मंशा थी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में उन्होंने दौसा, करौली और सवाई माधोपुर सीटों पर भाजपा को जिताने की अपील की थी। उन्होंने कहा, “मैंने घोषणा की थी कि अगर हमारी हार हुई, तो मैं मंत्री पद से इस्तीफा दे दूंगा और मैंने दिया। नौ महीने तक इस्तीफे में रहा।”
किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि लोग उनकी गैर-मौजूदगी पर तरह-तरह की बातें कर रहे थे। कुछ कह रहे थे कि उन्हें अच्छा मंत्रालय नहीं मिला, इसीलिए नाराज हैं। उन्होंने जवाब दिया, “मुझे कृषि मंत्रालय मिला था। और मैंने नकली खाद, बीज और दवाओं पर ताले ठोंक दिए। जो बचे थे, वे भी भाग गए। काम करके दिखाया है।”
इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए महुआ के पूर्व विधायक ओम प्रकाश हुड़ला पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “जो पहले यहां से चुनाव लड़ते थे, अब कहते हैं कि भजनलाल के साथ हैं। कभी किसी के साथ, कभी किसी के – जो सबका होता है, वो किसी का नहीं होता।” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें भगवान सद्बुद्धि दे, लेकिन कम से कम विकास कार्यों में रोड़ा न बनें।
अपने संबोधन के दौरान डॉ. मीणा काफी आक्रामक नजर आए। उन्होंने कहा कि अब किसी की दादागिरी नहीं चलेगी। “बहुत सह लिया, अब इलाज होगा। अगर किसी ने ठेकेदार या अधिकारी को धमकाया तो उसकी जीभ काट दूंगा।” उन्होंने अपने भतीजे को भी सख्त निर्देश दिए कि किसी से एक पैसा लेना नहीं है और न ही देना है।
डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने महुआ को भ्रष्टाचार मुक्त रखने का संकल्प दोहराया और जनता से अपील की कि वे सच्चे प्रतिनिधियों को समर्थन दें, ताकि क्षेत्र का समुचित विकास हो सके। उनके इस भाषण से यह साफ हो गया कि वे आने वाले चुनावों की तैयारी में जुट गए हैं और अब किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
यह भी पढ़े:
