subhan folder 4 1

channel4news logoCHANNEL4 NEWS INDIA


पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ की अपकमिंग फिल्म ‘सरदार जी 3’ इन दिनों विवादों में है, और इसकी वजह है फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की मौजूदगी। हाल ही में जब फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, तो दर्शकों ने ट्रेलर में हानिया आमिर को देखकर सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की। इससे पहले जब फिल्म का टीज़र आया था, उसमें उनका कोई जिक्र नहीं किया गया था।

अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन लगा दिया था। ऐसे में दर्शकों और कुछ राजनीतिक वर्गों का कहना है कि अगर बैन लागू है, तो फिर दिलजीत की फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेत्री कैसे नजर आ रही हैं? इसी को लेकर सोशल मीडिया पर फिल्म को बैन करने की मांग उठ रही है। वहीं बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह दिलजीत के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा –“मैं दिलजीत के साथ खड़ा हूं। जुमला पार्टी के गंदे करतब विभाग उन्हें घेरने की फिराक में हैं। फिल्म की कास्टिंग दिलजीत ने नहीं की, ये निर्देशक का काम था। दिलजीत ने बस रोल स्वीकार किया क्योंकि उनके मन में नफरत नहीं है।” नसीरुद्दीन शाह ने साफ तौर पर कहा कि “क्या ये गुंडे चाहते हैं कि भारत और पाकिस्तान के लोगों के बीच निजी रिश्ते खत्म हो जाएं? मेरे खुद के कई पाकिस्तानी रिश्तेदार और दोस्त हैं। क्या अब हम अपनों को प्यार भी नहीं भेज सकते?”

कई और लोग भी दिलजीत के समर्थन में आए

सिर्फ नसीरूद्दीन शाह नहीं बल्की कई और कलाकार और राजनीति हस्तियों ने भी दिलजीत दोसांझ का समर्थन किया है। एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में दिग्गज गीतकार जावेद अख्तर भी दोसांझ के बचाव में खड़े नजर आए थे। उन्हें बताया कि अटैक से पहले फिल्म की शूटिंग हुई थी, जिस पर उन्होंने कहा, ‘उसे पता तो नहीं था कि ऐसा होगा.’ उन्होंने आगे कहा कि सरकार और सेंसर बोर्ड को थोड़ी सहानुभूति दिखानी चाहिए और फिल्म की रिलीज की अनुमति देनी चाहिए। फिल्ममेकर इम्तियाज अली ने दिलजीत कहा, ‘वह मिट्टी का बेटा है। वह हर संगीत समारोह में भारतीय ध्वज के साथ दिखाई देता है.’ अली ने यह भी कहा कि कास्टिंग का फैसला केवल अभिनेताओं के हाथ में नहीं होता है. इम्तियाज अली मौजूदा समय में दोसांझ के साथ एक फिल्म पर काम कर रहे हैं।

बीजेपी प्रवक्ता का भी समर्थन 

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर पी सिंह ने समर्थन किया है। आर पी सिंह ने दोसांझ को एक राष्ट्रीय संपत्ति और भारतीय संस्कृति का ग्लोबल एंबेसडर बताया। साथ ही उन्होंने फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज की इस सेलिब्रिटी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने पर आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘ FWICE की ओर से अनजाने में और घटना से पहले की गई फिल्म की शूटिंग के लिए उनकी भारतीय नागरिकता रद्द करने की मांग न केवल अनुचित है, बल्कि चौंकाने वाली असंगति है।’ आम आदमी पार्टी के सांसद डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी ने विरोध को अनुचित और तर्कहीन करार दिया। उन्होंने कहा, ‘दिलजीत दोसांझ की देशभक्ति पर सवाल उठाना सरासर अनुचित है।  पहलगाम में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से बहुत पहले फिल्म की शूटिंग हुई थी. उस दौरान भारत-पाक क्रिकेट मैच भी हुआ था। किसी के कामों पर निर्णय लेते समय हमें समय सीमा या उद्देश्यों को लेकर भ्रमित नहीं होना चाहिए।’

शूटिंग पहलगाम अटैक से पहले ही पूरी हो चुकी थी

विवाद इस बात को लेकर भी है कि हानिया आमिर को फिल्म में क्यों लिया गया? लेकिन फिल्ममेकर्स का कहना है कि फिल्म की शूटिंग पहलगाम अटैक से पहले ही पूरी हो चुकी थी। ऐसे में जब कलाकार चुने गए थे, तब बैन लागू नहीं था। बता दें कि ‘सरदार जी 3’ का ट्रेलर यूट्यूब पर भी अब अवेलेबल नहीं है, और भारत में फिल्म को रिलीज भी नहीं किया गया है। जबकि 27 जून को यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है।  लेकिन भारत के बाहर। फिल्म को लेकर अब भी भारतीय दर्शकों के बीच गुस्सा कायम है। एक ओर दिलजीत दोसांझ को फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस के साथ काम करने के लिए ट्रोल किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नसीरुद्दीन शाह जैसे कलाकार उनका खुलकर समर्थन कर रहे हैं। सवाल यही है कि क्या किसी फिल्म की शूटिंग अगर बैन से पहले हुई हो, तो उसे रिलीज करना गलत है? और क्या कलाकारों को इसलिए टारगेट किया जाना चाहिए क्योंकि उन्होंने किसी पाकिस्तानी एक्ट्रेस के साथ काम किया? ‘सरदार जी 3’ अब सिर्फ एक फिल्म नहीं, सीमा पार रिश्तों और भारत की सांस्कृतिक सहिष्णुता पर बहस का मुद्दा बन चुकी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *