THUMB 3

channel4news logoCHANNEL4 NEWS INDIA 


सिरसा से सांसद और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से अपील की है कि घग्गर नदी और उससे निकलने वाली सभी नहरों के जल वितरण को लेकर राज्य सरकार एक स्थायी, व्यावहारिक और किसान-हितैषी नीति जल्द से जल्द बनाए। उन्होंने कहा कि सिरसा, रानियां, ऐलनाबाद और अन्य इलाकों के टेल क्षेत्र के किसान पिछले कई सालों से जल आपूर्ति में भारी असमानता का सामना कर रहे हैं। भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही ने इस समस्या को और अधिक गंभीर बना दिया है, जिससे इन क्षेत्रों की खेती-किसानी पर बुरा असर पड़ रहा है और किसान लगातार आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं। सीएम सैनी को लिखे लेटर को कुमारी सैलजा ने फेसबुक पर भी शेयर किया है।  जिसमें उन्होंने 4 मुख्य बातें लिखीं उन्होंने लिखा। सैलजा ने सरकार से यह भी मांग की कि जल वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और न्यायसंगत बनाया जाए ताकि टेल तक समान रूप से पानी पहुंच सके। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि मानसून से पहले सभी नहरों की सफाई, तटबंधों की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना सरकार की तत्काल जिम्मेदारी है, जिससे किसानों को समय पर सिंचाई का लाभ मिल सके और फसलें बचाई जा सकें।

कृषि विश्वविद्यालय में हुए लाठीचार्ज पर भी घेरा

इसी के साथ सांसद कुमारी सैलजा ने चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू), हिसार में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर राज्य सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को शर्मनाक, निंदनीय और अमानवीय बताया। सैलजा ने कहा कि छात्रों ने सिर्फ अपने वजीफे की कटौती के विरोध में आवाज उठाई थी, जो उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। इसके बावजूद उन पर लाठियां बरसाई गईं, जो एक तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने यह स्पष्ट रूप से कहा कि इस मामले में दोष छात्रों का नहीं, बल्कि उन अधिकारियों और प्रशासकों का है, जो अपनी कुर्सी की हनक में विवेक खो बैठे हैं और विश्वविद्यालय जैसी शैक्षणिक संस्था की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं। सैलजा ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए यह आश्वासन भी दिया कि कांग्रेस पार्टी और वह स्वयं छात्रों के हर हक की लड़ाई में उनके साथ खड़ी हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *