IMG 20261005 WA0093

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चल रहे ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की सोमवार को सचिवालय में महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सात अक्टूबर तक प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम पूरा कराते हुए शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में संचालित करीब 20 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों में से 13 हजार से अधिक केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, किशोरियों और बच्चों समेत पात्र लाभार्थियों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य सरकार और लाभार्थियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, यह विभाग की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन जिलों में अभी कार्यक्रम आयोजित किया जाना बाकी है, वहां निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यक्रम पूरा कराते हुए सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। साथ ही ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की शत-प्रतिशत गूगल मैपिंग पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रमों और आयोजन स्थलों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा सके।
बैठक में अपर सचिव कर्मेंद्र सिंह, निदेशक बंसीलाल राणा समेत सभी जिलों के जिला कार्यक्रम अधिकारी और विभागीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।