Divine union of Shiva and Parvatiशिवपार्वतीDivine union of Shiva and Parvati

शिवपार्वती का दिव्य मिलन

हिंदू धर्म में सावन का महीना अत्यंत पवित्र और धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। यह महीना भगवान शिव को समर्पित होता है, और श्रावण मास में भक्त शिवलिंग पर जल अर्पित कर, उपवास, रुद्राभिषेक, और भजन-कीर्तन के माध्यम से भोलेनाथ की आराधना करते हैं। ऐसा माना जाता है कि इस माह में शिव जी की आराधना करने से समस्त पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

यहां एक ऐसी कथा प्रस्तुत है जो भगवान शिव, माता पार्वती और सावन के माह के आध्यात्मिक संबंध को विस्तार से प्रकट करती है। प्राचीन काल की बात है।

जब सृष्टि की रचना आरंभ हुई थी, देवी सती ने अपने पति भगवान शिव को दक्ष यज्ञ में अपमानित देखकर योगाग्नि में आत्मदाह कर लिया था। उनके शरीर का अंत हो गया, लेकिन आत्मा पुनः हिमालय के घर पुत्री बनकर जन्मी- नाम रखा गया पार्वती। वे भगवान शिव को फिर से पति रूप में पाना चाहती थीं।

पार्वती बाल्यकाल से ही शिवजी के प्रति आकर्षित थीं। वे जानती थीं कि शिव योगी हैं, तपस्वी हैं, और संसारिक बंधनों से मुक्त हैं। उन्हें पाने के लिए साधारण प्रेम पर्याप्त नहीं था, तपस्या आवश्यक थी। अतः माता पार्वती ने कठोर तप का संकल्प लिया।

हिमालय की कठिन गुफाओं में, जहां बर्फ की मोटी चादरें बिछी थीं, जहां कोई मानव न पहुंच सके — वहां पार्वती ने कई वर्षों तक केवल फल, फूल और फिर अंत में केवल वायु पर जीवन यापन कर तप किया। उन्होंने मन, वचन और कर्म से केवल शिव का ध्यान किया।

एक समय ऐसा आया जब श्रावण मास आरंभ हुआ। वर्षा का मौसम, प्रकृति में नमी, ठंडक और हरियाली — यह वह समय था जब शिवजी कैलाश छोड़कर गंगाजल पीने और वन भ्रमण करने निकलते थे। पार्वती ने देखा कि श्रावण माह में प्रकृति जैसे स्वयं शिव का स्वागत करती हो — हर वृक्ष, हर जलधारा, हर पुष्प शिवमय हो जाता था।

मां पार्वती ने श्रावण मास के पूरे महीने प्रतिदिन व्रत रखना आरंभ किया। उन्होंने सोमवार का विशेष व्रत रखा और प्रत्येक सोमवार को शिवलिंग पर जल चढ़ाया, बेलपत्र, धतूरा, आक का फूल अर्पित किया।वो व्रत केवल शरीर की तपस्या नहीं था, वो आत्मा की तपस्या थी- एकनिष्ठ भक्ति की तपस्या।

इसी श्रावण मास में शिवजी ने पार्वती की तपस्या से प्रसन्न होकर उन्हें दर्शन दिए। कहते हैं, जब भगवान शिव ने पार्वती की कठोर तपस्या देखी, तो वे प्रसन्न तो हुए, लेकिन उन्होंने सोचा- “क्या पार्वती वास्तव में मुझे आत्मिक रूप से जानती हैं, या केवल मेरी प्रसिद्धि और देवों की मान्यता से मोहित हैं?”

इस शंका को दूर करने के लिए उन्होंने एक ब्राह्मण का रूप धारण किया और पार्वती के समक्ष उपस्थित हुए। वे बोले, “हे कन्या! तुम क्यों इस कठिन तप में लीन हो? किसे प्रसन्न करने का प्रयत्न कर रही हो?” पार्वती ने शांत भाव से उत्तर दिया, “मैं त्रिलोकनाथ, महाकाल, भगवान शिव को पति रूप में पाना चाहती हूं। मैं उन्हीं की आराधना कर रही हूं।”

ब्राह्मण मुस्कुराए और बोले, “अरे भोली कन्या! वो शिव- जो शव-सज्जा धारण करते हैं, जिनका कोई स्थायी आवास नहीं, जो भस्म रमाते हैं, गले में सर्प पहनते हैं- वो तुम्हारे योग्य नहीं हैं। तुम्हें तो कोई राजकुमार मिलना चाहिए, कोई सौंदर्यवान, कोई सुसंस्कृत!”

पार्वती ने दृढ़ स्वर में उत्तर दिया, “हे ब्राह्मणदेव! आप कुछ भी कहें, लेकिन मेरी भक्ति सच्ची है, मेरी भावना स्थिर है। शिव मेरे लिए केवल योगी नहीं, वे मेरे आत्मिक पुरुष हैं। उनकी ही आराधना करती हूं और उन्हीं को वर रूप में प्राप्त करूंगी।”

यह सुनते ही भगवान शिव अपने वास्तविक रूप में प्रकट हो गए और बोले, “हे पार्वती! तुम्हारी भक्ति, तप और निष्ठा से मैं अत्यंत प्रसन्न हुआ हूं। मैं तुम्हें पत्नी रूप में स्वीकार करता हूं।”

भगवान शिव और माता पार्वती का पुनः मिलन इस श्रावण मास में हुआ था। इसी कारण सावन का प्रत्येक सोमवार ‘श्रावण सोमवार’ कहलाता है और विशेष रूप से शिव को समर्पित होता है।

भक्त इस दिन उपवास रखते हैं, शिवलिंग पर जल व बेलपत्र चढ़ाते हैं, रुद्राभिषेक करते हैं और शिव के 108 नामों का जाप करते हैं। महिलाएं शिव और पार्वती के विवाह की कथा सुनती हैं और अपने वैवाहिक जीवन की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करती हैं।

एक और कथा के अनुसार, समुद्र मंथन के समय जब हलाहल विष निकला था, तब भगवान शिव ने उस विष को अपने कंठ में धारण किया। इससे उनका शरीर जलने लगा और ताप बढ़ गया। तब सभी देवताओं ने उन्हें शांत करने के लिए गंगाजल अर्पित किया।

तभी से परंपरा शुरू हुई कि श्रावण मास में भक्त शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाकर शिव को शांत करते हैं। कांवड़ यात्री उत्तराखंड के गंगोत्री, हरिद्वार, गौमुख जैसे पवित्र स्थलों से गंगा जल लेकर पैदल यात्रा करके अपने निकटवर्ती शिव मंदिरों में जल चढ़ाते हैं।

यह यात्रा, भक्तों की आस्था, समर्पण और भक्ति का अद्भुत प्रमाण है। वे कई किलोमीटर की यात्रा बिना जूते-चप्पल के करते हैं, मार्ग में ‘बोल बम’ के जयकारे लगाते हैं और केवल शिव नाम का स्मरण करते हैं।

भगवान शिव, जिनकी उपासना सहज है, जो भक्तों पर जल्दी प्रसन्न हो जाते हैं, उन्हें ‘भोलानाथ’ कहा जाता है। सावन मास में उनकी आराधना करना केवल एक धार्मिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि आत्मा को शुद्ध करने का मार्ग है। यह वह समय होता है जब प्रकृति स्वयं शिवमय होती है, और भक्त अपनी श्रद्धा से शिव को हृदय में स्थापित करते हैं।

यह कथा हमें यह सिखाती है कि सच्ची भक्ति, निष्ठा और संयम से भगवान को प्राप्त किया जा सकता है। पार्वती की तरह जब हम भी जीवन में किसी लक्ष्य के लिए सच्चे मन से प्रयास करें, तप करें, तो सफलता अवश्य मिलती है।
श्रावण मास केवल पर्व नहीं, यह आत्मा को शिव में विलीन करने का एक अवसर है।