मनीषा की मौत का कौन है जिम्मेदार?मनीषा की मौत का कौन है जिम्मेदार?

हरियाणा के भिवानी जिले में महिला टीचर मनीषा की रहस्यमयी मौत ने पूरे प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। ये मामला अब केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं रहा, बल्कि इंसाफ की लड़ाई बन चुका है। ग्रामीणों के गुस्से, प्रशासन की नाकामी और सरकार की मजबूरी ने इस प्रकरण को राष्ट्रीय बहस का मुद्दा बना दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आखिरकार मामले की जांच CBI को सौंपने की घोषणा कर दी है। साथ ही दिल्ली AIIMS में तीसरी बार पोस्टमॉर्टम कराने का आदेश भी दिया गया है। सवाल ये है कि, आखिरकार ये मौत हत्या थी या आत्महत्या? और क्या मनीषा और उसके परिवार को सच में न्याय मिल पाएगा?

इस केस पूरी टाइम लाइन के बारे में बात करेंगे, तो चलिए शुरू से शुरू करते हैं,,,,

11 अगस्त 2025

भिवानी जिले के एक छोटे से गांव ढाणी लक्ष्मण की रहने वाली मनीषा पढ़ाई में होनहार और अपने गांव में बच्चों को पढ़ाने वाली महिला टीचर थी। 11 अगस्त को वो नर्सिंग कॉलेज में एडमिशन के लिए घर से निकली। लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने जब तलाश की और कहीं से कोई पता नहीं चला तो उन्होंने लोहारू थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई

12 अगस्त 2025

अगले दिन भी मनीषा का कोई सुराग नहीं मिला। परिवार के लोग खुद ही खोजबीन करते रहे। उनका आरोप है कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही थी। समय पर कार्रवाई नहीं करने के कारण उनके शक और गहरे होते गए।

13 अगस्त 2025

13 अगस्त की सुबह सिंघानी गांव के पास खेतों में मनीषा का शव बरामद हुआ। शव देखकर परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। शव की शिनाख्त होते ही गुस्साए परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया और करीब 4 घंटे तक प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का साफ आरोप था कि मनीषा की हत्या की गई है और पुलिस दोषियों को बचा रही है।

14 अगस्त 2025

भिवानी सिविल अस्पताल में मनीषा का पोस्टमॉर्टम हुआ। रिपोर्ट में सामने आया कि मनीषा का गला 29.5 सेंटीमीटर तक कटा हुआ था। हालांकि डॉक्टरों के पैनल ने रेप की संभावना से इनकार किया। रिपोर्ट से परिजन संतुष्ट नहीं हुए और शव लेने से मना कर दिया। अस्पताल परिसर में धरना शुरू हो गया।

15 अगस्त 2025

परिजनों ने पहले पोस्टमॉर्टम पर भरोसा न करते हुए दोबारा जांच कराने की मांग रखी। इस बीच स्वतंत्रता दिवस के दिन भिवानी और आसपास के इलाके में तनावपूर्ण माहौल रहा।

16 अगस्त 2025

परिजनों के बढ़ते आक्रोश और ग्रामीणों के प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भिवानी एसपी को हटा दिया। कई पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया।

इसके बाद शव को रोहतक PGI भेजा गया, जहां दूसरे पोस्टमॉर्टम में भी यही सामने आया कि रेप नहीं हुआ है। हालांकि परिजन अब भी इसे हत्या ही बता रहे थे।

17 अगस्त 2025

परिजन शव लेने को तैयार नहीं हुए। धरना लगातार जारी रहा। मौके पर मंत्री श्रुति चौधरी पहुंचीं और परिजनों को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री खुद मामले पर नजर रख रहे हैं।

18 अगस्त 2025

पुलिस ने दावा किया कि, उन्हें मनीषा का सुसाइड नोट मिला है। मेडिकल रिपोर्ट के हवाले से कहा गया कि मनीषा ने कीटनाशक निगला था, और उसके गले और आंखों को जानवरों ने नोच लिया था। पुलिस के इस दावे से परिवार और ज्यादा आक्रोशित हो गया। उनका कहना था कि यह हत्या को आत्महत्या साबित करने की साजिश है।

18-19 अगस्त 2025

प्रशासन ने लगातार बैठकों के बाद परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए तैयार कर लिया। पिता संजय ने भी कहा कि वो जांच से संतुष्ट हैं। लेकिन अगले दिन उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि दबाव डालकर उन्हें सहमति दिलवाई गई थी। मनीषा की दादी और दादा ने हाथ जोड़कर कहा कि उनकी पोती को इंसाफ मिलना चाहिए। ग्रामीण और किसान नेता भी आंदोलन में कूद पड़े।

19 अगस्त 2025

ग्रामीणों ने साफ कर दिया कि, जब तक सच सामने नहीं आता, वे अंतिम संस्कार नहीं होने देंगे। गांव में संघर्ष के लिए नई कमेटी बनाई गई और 20 अगस्त से पक्का मोर्चा लगाने का ऐलान कर दिया गया। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने भिवानी और चरखी दादरी में इंटरनेट बंद कर दिया। चारों ओर पुलिस की भारी तैनाती कर दी गई।

20 अगस्त 2025

लगातार बढ़ते दबाव और ग्रामीणों के आंदोलन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मामले की जांच CBI को सौंपी जाएगी। साथ ही तीसरा पोस्टमॉर्टम दिल्ली AIIMS में कराया जाएगा। इसके बाद ही शव गांव लाकर अंतिम संस्कार होगा।

भिवानी ही नहीं, आसपास के जिलों में भी लोग सड़क पर उतर आए। जींद-करनाल नेशनल हाईवे और नरवाना बस स्टैंड पर युवाओं और विद्यार्थियों ने जाम लगाया। पुलिस ने कई लोगों पर मुकदमे दर्ज किए। बावजूद इसके आंदोलन की आग फैलती जा रही है।

प्रशासन की ओर से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि जब तक मनीषा की मौत की असलियत सामने नहीं आती और दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे। गांव की चारों ओर नाकाबंदी की गई है। दंगा रोकू वाहन, RAF और आसपास के जिलों की पुलिस तैनात है।

मनीषा के पिता संजय का कहना है कि उन्हें केवल सच चाहिए। “मेरी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। सरकार CBI जांच करवाए और AIIMS पोस्टमॉर्टम के सबूत दे। तब हम धरना खत्म करेंगे।”

ऐसे में कई सवाल भी उठते हैं….

  1. आखिर मनीषा की मौत कैसे हुई? – क्या ये आत्महत्या थी या योजनाबद्ध हत्या?
  2. सुसाइड नोट की सच्चाई क्या है? – क्या ये असली है या बनाया गया?
  3. पुलिस की भूमिका पर सवाल – क्यों शुरुआत में पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया?
  4. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट्स में अंतर क्यों? – तीन बार पोस्टमॉर्टम की जरूरत क्यों पड़ी?
  5. इंसाफ कब और कैसे मिलेगा? – क्या CBI की जांच इस रहस्य से पर्दा उठा पाएगी?

भिवानी की मनीषा केस अब केवल एक मौत की गुत्थी नहीं, बल्कि प्रणाली की विश्वसनीयता की परीक्षा बन चुका है। एक ओर परिवार है जो बेटी के लिए इंसाफ चाहता है, दूसरी ओर प्रशासन और पुलिस है जो मामले को शांत करने की कोशिश में जुटे हैं। तीसरी ओर ग्रामीण और सामाजिक संगठन हैं जो आंदोलन के जरिए आवाज उठा रहे हैं।

सच चाहे जो भी हो, पर इतना तय है कि मनीषा की मौत ने हरियाणा की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक जिम्मेदारी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें CBI की जांच और AIIMS की रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। तभी तय होगा कि मनीषा को इंसाफ मिलेगा या यह मामला भी अन्य अधूरी कहानियों की तरह कहीं गुम हो जाएगा।