1200 675 27834305 thumbnail 16x9 pic58 aspera

कुंभ मेले की तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। त्योहारों के दौरान श्रमिकों के घर जाने से काम प्रभावित न हो, इसके लिए गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने कार्यदायी संस्थाओं को वैकल्पिक व्यवस्था करने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त श्रमिक तैनात करने को कहा है। उन्होंने दिन-रात काम कराकर निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को मेला नियंत्रण भवन स्थित सीसीआर सभागार में कुंभ मेले की उच्चस्तरीय समिति की बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने सड़कों, पुलों और घाटों का निर्माण गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रमिकों, मशीनरी और निर्माण सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
गंगनहर बंदी में तेजी से होंगे घाटों के काम
20 अक्टूबर से प्रस्तावित गंगनहर बंदी को महत्वपूर्ण बताते हुए मंडलायुक्त ने इस अवधि का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों के निर्माण के लिए श्रमिकों, मशीनरी और निर्माण सामग्री की व्यवस्था पहले से कर ली जाए, ताकि काम में देरी न हो।
मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि निर्माण स्थलों पर श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। मंडलायुक्त ने विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और निर्माण में आने वाली बाधाओं का समय रहते समाधान करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान श्रमिकों की कमी को काम में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।