उत्तराखंड में मनाया गया निवेश उत्सव 2025
उत्तराखंड की औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक प्रगति की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम शनिवार को तब दर्ज हुआ जब राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में रुद्रपुर में ‘उत्तराखंड निवेश उत्सव-2025’ का आयोजन किया।
यह उत्सव उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 के बाद एक लाख करोड़ रुपये की सफल ग्राउंडिंग के रूप में मनाया गया। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री ने राज्य सरकार के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
रुद्रपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह ने निवेश, रोजगार और विकास के आंकड़ों को साझा करते हुए उत्तराखंड सरकार के कार्यों को सराहा। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के समापन पर उन्होंने मुख्यमंत्री धामी से स्पष्ट कहा था कि वास्तविक परीक्षा एमओयू को जमीन पर उतारने की होगी।
आज, एक लाख करोड़ रुपए की निवेश ग्राउंडिंग यह प्रमाणित करती है कि उत्तराखंड सरकार ने कठिन परिस्थितियों और भौगोलिक सीमाओं के बावजूद निवेश को धरातल पर उतारने में सफलता पाई है। अमित शाह ने यह भी बताया कि इस निवेश से प्रत्यक्ष रूप से 81 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा और सहायक उद्योगों के माध्यम से ढाई लाख से अधिक रोजगार की संभावना भी बनेगी।
गृह मंत्री ने कहा कि यह निवेश केवल देहरादून, हरिद्वार या हल्द्वानी जैसे बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के द्वितीय और तृतीय श्रेणी के शहरों तक उद्योगों की पहुंच बन रही है। यह उत्तराखंड के समग्र विकास का संकेत है, जहां विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन साधते हुए पारदर्शी नीतियों और दूरदर्शी योजनाओं के साथ सरकार आगे बढ़ रही है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा गठित तीन नए राज्यों — उत्तराखंड, झारखंड और छत्तीसगढ़ — का उल्लेख करते हुए कहा कि आज ये तीनों राज्य आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को ‘डबल इंजन’ की ताकत मिली है, जिससे विकास की गति और सुदृढ़ हुई है।
अपने संबोधन में अमित शाह ने मोदी सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को 11वीं से चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था तक पहुंचाया और 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। उन्होंने बताया कि:
• 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया है।
• 55 करोड़ नागरिकों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा मिला है।
• 16 करोड़ घरों तक नल से जल, 12 करोड़ में शौचालय और 13 करोड़ परिवारों को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन मिला है।
• 3 करोड़ घरों में पहली बार बिजली पहुंचाई गई और 4 करोड़ लोगों को पक्के मकान दिए गए हैं।
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ का जो सपना देखा है, उसमें उत्तराखंड जैसे छोटे राज्यों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विशेष रूप से पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों के विकास पर ध्यान दे रही है, ताकि देश का संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा सके।
गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी टीम को एक लाख करोड़ रुपये की ग्राउंडिंग के लिए बधाई दी और कहा कि बाकी बचे निवेश के लक्ष्यों को भी जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाए। केंद्र सरकार इसके लिए पूर्ण सहयोग देने को तैयार है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह उत्सव सिर्फ निवेश का नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संभावनाओं, उद्यमशीलता और जन भागीदारी से जुड़ी एक बड़ी पहल का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह राज्य को आत्मनिर्भरता और औद्योगिक समृद्धि की ओर ले जाने वाला मील का पत्थर है।

