नई दिल्ली
टीम इंडिया के स्टार प्लेयर अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। वह काफी समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। एक समय ऐसा था जब वह विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा के साथ भारतीय टेस्ट टीम के मिडिल ऑर्डर का भार संभाला करते थे। मगर लगातार गिरती फॉर्म की वजह से उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। रहाणे ने भारत के लिए आखिरी टेस्ट 20 जुलाई 2023 को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। वह 3 साल से टीम से बाहर चल रहे हैं। वहीं लिमिटेड ओवर क्रिकेट में वह कभी अपने पैर नहीं जमा पाए। रहाणे ने आखिरी वनडे 2018 में तो टी20 2016 में खेला था। रहाणे की कप्तानी में भारत ने ऐतिहासिक बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज भी जीती थी, जिसमें विराट कोहली नहीं थे और अधिकतर खिलाड़ी चोटिल थे।
रहाणे ने भावुक संदेश में क्या कहा?
अजिंक्य रहाणे ने अपनी रिटायरमेंट स्पीच में सोशल मीडिया पर कहा, “जिंदगी की सच्चाई यह है कि हर चीज की एक शुरुआत होती है और हर चीज का एक अंत होता है। जब वह समय आता है, तो आपको बस उसका सम्मान करना होता है और आगे बढ़ना होता है। मैंने हमेशा अपनी बैटिंग में टाइमिंग पर भरोसा किया है और मैंने हमेशा इसकी अहमियत को समझा है। आज, मुझे लगता है कि मेरे लिए आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट और सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा करने का सही समय है।”
उन्होंने आगे, “उन शुरुआती दिनों से जब मैं एक छोटा लड़का था और सिर्फ प्रैक्टिस के लिए डोंबिवली से आता था, मैंने इस खेल को अपना सब कुछ दिया। हर एक दिन, हर पारी, हर मौके पर जब मुझे बैटिंग करने का मौका मिला, तो सपना हमेशा इंडिया कैप पहनने का था। मैं एक आसान नियम पर जीता था, हमेशा अपने देश और अपनी टीम को खुद से आगे रखता था। मैंने यह खेल पूरी ईमानदारी से खेला और मेरा हमेशा से मानना रहा है कि अगर आपका इरादा सही है, तो खेल हमेशा आपका ख्याल रखेगा।”
अपनी कप्तानी में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी ऑस्ट्रेलिया में जिताने वाले रहाणे ने कहा, “जब से मैंने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया है, इंडियन क्रिकेट बहुत आगे बढ़ा है और मुझे पिछले 20 सालों में इसका हिस्सा होने पर बहुत गर्व है। एक इंडियन क्रिकेटर के तौर पर मेरा चैप्टर खत्म हो गया है, लेकिन खेल के साथ मेरा सफर खत्म नहीं हुआ है। मैं अगली पीढ़ी की मदद करने, इस खेल ने मुझे जो वैल्यूज सिखाई हैं, उन्हें शेयर करने और उस खेल को वापस देने के लिए उत्सुक हूं जिसने मुझे सब कुछ दिया है।”
मुंबई के लिए लंबे समय तक प्रोफेशनल क्रिकेट में एक्टिव रहे रहाणे आगे बोले, “मुंबई में एक युवा खिलाड़ी के तौर पर शुरुआत करने से लेकर भारत के लिए खेलने तक, यह मेरे लिए बहुत सम्मान की बात रही है। रास्ते में कई जीत और हार मिलीं, लेकिन क्रिकेट खेलने, अलग-अलग टीमों का हिस्सा बनने और ज़िंदगी भर की यादें बनाने की मिली-जुली खुशी, यही मेरे करियर की सबसे बड़ी खुशी रही है। BCCI, MCA, मेरे टीममेट्स, मेरे कोच, हर IPL फ्रेंचाइजी, राधिका, मेरे पूरे परिवार, मेरे दोस्तों और हर उस व्यक्ति को जो मेरे साथ खड़ा रहा, धन्यवाद।”
आगे उन्होंने सभी का धन्यवाद किया, “उन सभी क्रिकेट फैंस को बहुत-बहुत धन्यवाद जिन्होंने हर उतार-चढ़ाव में मेरा साथ दिया। अजिंक्य का मतलब है जिसे हराया न जा सके। लेकिन क्रिकेट ने मुझे कई बार हारते हुए दिखाया है। क्रिकेटर के तौर पर, हम सफल होने से ज़्यादा बार फेल होते हैं। मेरी टीम मैच हारी है। मैंने गलतियां की हैं। लेकिन एक जगह ऐसी है जहां मैं कभी हारा नहीं। और वह थी आपके दिल। आपके प्यार, आपके विश्वास और आपके सपोर्ट के लिए धन्यवाद। कैप नंबर 278 से विदा लेते हुए।”
